कर्नाटक में डीके शिवकुमार का शपथग्रहण आज, बेंगलुरु में रूट डायवर्ट, मजदूरों, किसानों और महिलाओं को खास न्योता
कर्नाटक में डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण होने जा रहा है। वह विभिन्न धर्मों और समुदायों के धार्मिक नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में आदिचुंचनगिरि मठ के प्रमुख निर्मलानंदनाथ स्वामीजी, मुस्लिम धर्मगुरुओं और ईसाई पादरियों को भी बुलाया गया है। बेंगलुरु में ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है।
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार शाम लोक भवन स्थित ग्लास हाउस में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ मंत्रिपरिषद के सदस्य भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल थावरचंद गहलोत इस शपथ ग्रहण समारोह में सभी को शपथ दिलाएंगे। समारोह में कांग्रेस के कई बड़े राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी समारोह में भाग लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह समारोह में अलग-अलग धर्मों के धर्मगुरुओं को आमंत्रित किया गया है।
कनकपुरा के डोड्डालहल्ली सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को भी बुलाया गया है। इसके साथ ही दिहाड़ी मजदूर, सफाई कर्मचारी, किसान संगठनों के प्रतिनिधि, दलित संगठनों के नेता, पिछड़ा वर्ग संगठनों के प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य, महिला नेता और युवा नेताओं को भी आमंत्रण भेजा गया है। मीडिया, फिल्म जगत, न्यायपालिका, खेल जगत, रंगमंच, साहित्य, कला, उद्योग और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी समारोह का हिस्सा बनाया गया है। इसे नई सरकार की समावेशी सोच और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।
गांधी परिवार ने मेरे राजनीतिक सफर में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, न केवल नेतृत्व के माध्यम से, बल्कि जीवन के विभिन्न चरणों में मुझ पर रखे गए उनके विश्वास के माध्यम से भी। मैं अक्सर राजीव गांधी को याद करता हूं, जिन्होंने एक युवा कार्यकर्ता में मुझसे पहले ही क्षमता देखी थी। उनके प्रोत्साहन ने मुझे बड़े सपने देखने और खुद को जनसेवा के लिए समर्पित करने का आत्मविश्वास दिया। महान नेता वे होते हैं जो दूसरों में संभावनाओं को पहचानते हैं और उन्हें अपनी अपेक्षाओं से भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। राजीव गांधी ने मेरे लिए ठीक यही किया।
कर्नाटक के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर बेंगलुरु में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। यह समारोह लोक भवन में आयोजित होगा, जहां देशभर से आने वाले वीआईपी और गणमान्य अतिथियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि समारोह की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई है। उन्होंने कहा कि लोक भवन परिसर में केवल वैध पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। आमंत्रित अतिथियों के लिए विभिन्न श्रेणियों के पास जारी किए गए हैं और उनकी पूरी जानकारी प्रशासन के पास उपलब्ध है।
पुलिस आयुक्त के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर बेंगलुरु के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। हालांकि, किसी रोड शो की जानकारी नहीं है। समारोह के दिन विधान सौधा, राजभवन, विकास सौधा और एम.एस. बिल्डिंग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की है। सरकार ने कहा कि भारी भीड़ और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
डी.के. शिवकुमार 3 जून को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन स्थित ग्लास हाउस में शाम 4:05 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित करने की तैयारी की गई है। समारोह में शामिल प्रमुख नेताओं के परिवारों और समर्थकों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी, वीआईपी और अन्य आमंत्रितों के लिए अलग-अलग पास जारी किए जाएंगे। सभी अतिथियों को दोपहर 2 बजे से पहले लोक भवन पहुंचने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने शहरवासियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि रेस कोर्स रोड स्थित लोक भवन में होने वाले समारोह और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है। समारोह के दौरान अधिकृत वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों की आवाजाही क्यूब्बन रोड, डॉ. बी.आर. आंबेडकर रोड, रेस कोर्स रोड, क्वींस जंक्शन, सीटीओ जंक्शन और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।