बारिश भी नहीं तोड़ सकी निशानेबाजों का हौसला, जॉन पाल और राधा बने एचएफटी चैंपियन, प्रथम आरएबीएसएआई ओपन नेशनल हंटर फील्ड टारगेट शूटिंग चैंपियनशिप का समापन, 75 निशानेबाजों ने दिखाया दमखम

आगरा। लक्ष्य की अनजान दूरी और बारिश के बीच देशभर से आए करीब 75 निशानेबाजों ने सटीक निशाने, एकाग्रता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। अरतौनी स्थित आगरा पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रथम आरएबीएसएआई ओपन नेशनल हंटर फील्ड टारगेट (एचएफटी) शूटिंग चैंपियनशिप का शनिवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। 40 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में जॉन पाल और 20 वर्ष से अधिक महिला वर्ग में राधा ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।

Aug 8, 2026 - 19:19
 0
बारिश भी नहीं तोड़ सकी निशानेबाजों का हौसला, जॉन पाल और राधा बने एचएफटी चैंपियन, प्रथम आरएबीएसएआई ओपन नेशनल हंटर फील्ड टारगेट शूटिंग चैंपियनशिप का समापन, 75 निशानेबाजों ने दिखाया दमखम
अरतौनी स्थित आगरा पब्लिक स्कूल में आयोजित आरएबीएसएआई ओपन नेशनल हंटर फील्ड टारगेट शूटिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में विजेता निशानेबाजों के साथ मुख्य अतिथि डॉ. महेश चंद शर्मा। साथ में रजत विज और हिना विज।

प्रतियोगिता का आयोजन रिमफायर एंड एयर राइफल्स बेंचरेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ट्रस्ट (आरएबीएसएआई) की ओर से किया गया। इसमें खिलाड़ियों को लक्ष्य की वास्तविक दूरी बताए बिना निशाना साधना था। लेटकर, घुटनों के बल और खड़े होकर बिना सहारे लक्ष्य भेदने की चुनौती ने मुकाबले को कठिन बनाया। बदलते मौसम और बारिश के बावजूद खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

बारिश के बीच दिखाया जज्बा

आरएबीएसएआई के अध्यक्ष रजत विज ने कहा कि बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हंटर फील्ड टारगेट में बदलती परिस्थितियों के बीच एकाग्रता और सही निर्णय लेने की क्षमता महत्वपूर्ण होती है। ऐसे आयोजन भारतीय निशानेबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मददगार हैं।

इन निशानेबाजों ने जीते पदक

40 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग: प्रथम जॉन पाल, द्वितीय मधुकर यादव, तृतीय महेश।

20 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग: प्रथम जिमिक वी. नगायन, द्वितीय पुनीथ, तृतीय मोहम्मद जहीर।

20 वर्ष से अधिक महिला वर्ग: प्रथम राधा, द्वितीय इफरा।

अंडर-20 बालक वर्ग: प्रथम यजत प्रताप सिंह, द्वितीय संस्कार, तृतीय वेदार्य सिंह यादव।

अंडर-20 बालिका वर्ग: प्रथम नेरिहा, द्वितीय रिया कुशवाहा, तृतीय सुखजीत कौर।

विजेताओं को किया सम्मानित

समापन समारोह के मुख्य अतिथि आगरा पब्लिक ग्रुप ऑफ एजुकेशन के अध्यक्ष डॉ. महेश चंद शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शूटिंग में एकाग्रता, अनुशासन, धैर्य और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों के आगरा पहुंचने को शहर के लिए गौरव की बात बताया।

प्रतियोगिता के संचालन और निर्णय प्रक्रिया में पीयूषिका यादव एवं हिना विज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फील्ड मास्टर मधुकर यादव और वालंटियर पीयूष यादव सहित आयोजन टीम ने व्यवस्थाएं संभालीं।

चेक गणराज्य से पहुंचे डब्ल्यूएचएफटीओ अध्यक्ष

वर्ल्ड हंटर फील्ड टारगेट ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचएफटीओ) के अध्यक्ष जैकब विचर चेक गणराज्य से विशेष रूप से आगरा पहुंचे। उन्होंने रेंज ऑफिसर के रूप में प्रतियोगिता के संचालन में भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में मुकाबले अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कराए गए।

जेएसबी मैच डायबोलो, चेक गणराज्य आधिकारिक पैलेट पार्टनर तथा कैसर स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड आधिकारिक उपकरण सहयोगी रहा। कैसर स्पोर्ट्स की ओर से भवतेज सिंह मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor