आगरा में खेत बना जुए का अड्डा, पुलिस का छापा; 20 जुआरी गिरफ्तार

जैतपुर पुलिस ने गढ़ी प्रतापपुरा के ककुआ रोड के पास खाली खेत में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर 20 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 4,79,940 रुपये नकद, ताश की चार गड्डियां, दो कार, चार मोटरसाइकिल और 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Sep 23, 2026 - 16:50
 0
आगरा में खेत बना जुए का अड्डा, पुलिस का छापा; 20 जुआरी गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में जुआरी।

आगरा। जैतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खाली खेत में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 20 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। आरोप है कि सभी लोग हार-जीत की बाजी लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई ग्राम गढ़ी प्रतापपुरा में ककुआ रोड के पास स्थित एक खाली खेत में की गई। यहां काफी समय से जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे लोगों को दबोच लिया।

छापेमारी के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 20 आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी और मौके से पुलिस ने 4 लाख 79 हजार 940 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा जुए में इस्तेमाल होने वाली 52-52 पत्तों की दो गड्डियां और दो बंद ताश की गड्डियां भी मिलीं।

पुलिस ने मौके से आरोपियों के 20 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। वहीं, जुआ खेलने पहुंचे लोगों के वाहनों में दो कार और चार मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। बरामद सामान और वाहनों को लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक या सुनसान स्थानों पर जुआ खेलने और जुआ खिलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।