जयपुर हाउस जैन मंदिर में अध्यात्म का महोत्सव: उपाध्याय पदारोहण व दीक्षा दिवस श्रद्धा-भक्ति से संपन्न
आगरा। जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मंदिर स्थापना के 32 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को एक भव्य, अनुशासित और आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत समारोह आयोजित किया गया। इस पावन अवसर पर मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंत सागर जी महाराज का चतुर्थ उपाध्याय पदारोहण दिवस तथा मुनि श्री विश्वसाम्य सागर जी महाराज का मुनि दीक्षा दिवस श्रद्धा, उल्लास और भावनात्मक भक्ति के साथ मनाया गया।
समारोह का शुभारंभ मंगलाचरण, चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दोपहर 1 बजे से आरंभ कार्यक्रम में जयपुर हाउस जैन समाज सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। संपूर्ण परिसर भक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
भक्तों ने उपाध्यायश्री एवं मुनिश्री के चरणों का पाद-प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए। बाहर से पधारे श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य की सुसज्जित थालियों के साथ संगीतमय पूजन कर गुरुवरों की आराधना की। आगरा की विभिन्न शैलियों के पदाधिकारियों ने भी उपाध्यायश्री के चरणों में श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने मंगल प्रवचन में उपाध्यायश्री विहसंत सागर जी महाराज ने धर्म, संयम, तप और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि दीक्षा और उपाध्याय पद सम्मान नहीं, बल्कि आत्मानुशासन, त्याग और समाज को सही दिशा देने की महान जिम्मेदारी है।
मुनि श्री विश्वसाम्य सागर जी महाराज के दीक्षा दिवस पर श्रद्धालुओं ने उनके तप-त्याग और साधना की भावपूर्ण सराहना करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की और मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में हेमलता जैन की संगीत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन दीपक जैन ने किया। समारोह में स्वास्तिक महिला मंडल, शांतिनाथ महिला मंडल, शांतिनाथ युवा मंडल तथा विभिन्न समितियों के पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए पूज्य गुरुवर के चरणों में वंदन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में संस्कार, संयम, सदाचार और सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
समारोह में राकेश जैन पर्देवाले, जगदीश प्रसाद जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, सुनील जैन ठेकेदार, मनीष जैन ठेकेदार, विमल जैन, जितेंद्र जैन, नीरज जैन जिनवाणी, अजय जैन, रोहित जैन अहिंसा, राजीव जैन, मनोज जैन बल्लो, अशोक जैन, सुमेर पांडया, अमित जैन, संजय जैन, पवन जैन सहित मीडिया प्रभारी शुभम जैन और समस्त आगरा जैन समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।