मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर आग का तांडव, घने कोहरे में 7 बसें और 3 कारें भिड़ीं, जिंदा जले यात्री

मथुरा। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास घने कोहरे के कारण 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में जिंदा जलने से 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 13 तक होने की आशंका जताई जा रही है।

Dec 16, 2025 - 09:48
Dec 16, 2025 - 10:42
 0
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर आग का तांडव, घने कोहरे में 7 बसें और 3 कारें भिड़ीं, जिंदा जले यात्री
यमुना एक्स्प्रेस वे पर आग का मंजर।

कोहरे में रफ्तार बनी काल, आग की चपेट में आए वाहन • 4 शव बरामद, मृतकों की संख्या 13 तक होने की आशंका • 66 से ज्यादा घायल, रेस्क्यू में SDRF और फायर ब्रिगेड जुटी

मथुरा। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार  तड़के दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास घने कोहरे के कारण 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में जिंदा जलने से 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 13 तक होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात करीब दो से तीन बजे एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान एक बस ने अचानक रफ्तार धीमी की, जिसके चलते पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और आग की लपटों ने कई बसों को अपनी चपेट में ले लिया। लोग जान बचाने के लिए बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूदते नजर आए। वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

हादसे के बाद मौके पर हाहाकार मच गया। एक युवक ने बताया कि उसने बसों से 8–9 शव बाहर निकाले, जिनमें से कई बुरी तरह जले हुए थे। कुछ बसों में मानव अंग फंसे होने की भी सूचना है। जिंदा जले यात्रियों के अवशेष और कंकाल बाहर निकाले जा रहे हैं, शवों की शिनाख्त का प्रयास जारी है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि अब तक 4 शव बरामद किए गए हैं। 12 से अधिक फायर ब्रिगेड और 14 से ज्यादा एम्बुलेंस मौके पर मौजूद हैं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। हाईवे से मलबा हटाया जा रहा है और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।

हादसे में अब तक 66 लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि हुई है, हालांकि एक चश्मदीद ने दावा किया कि करीब 20 एम्बुलेंस से 150 से अधिक घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में चल रहा है।

दिल्ली जा रही बस में सवार महिमा पांडे ने बताया कि सबसे पहले एक अर्टिगा कार की टक्कर हुई, इसके बाद बसें एक-दूसरे से भिड़ गईं। उनकी बस को तीन बार टक्कर लगी और फिर उसमें आग लग गई। उन्होंने कहा कि उनका सारा सामान जलकर राख हो गया और यह भयावह मंजर वह कभी नहीं भूल पाएंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।