नाथ नगरी में आसमान से बरसे फूल, शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा का ऐतिहासिक दृश्य
-आरके सिंह- बरेली। नाथ नगरी बरेली में सावन के तीसरे सोमवार को शिवभक्ति और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पहली बार शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर शिवभक्तों का अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बरेली प्रशासन ने यह ऐतिहासिक पहल करते हुए आकाश से श्रद्धा की वर्षा की।
कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अवनीश कुमार सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य स्वयं हेलीकॉप्टर में सवार होकर पुष्पवर्षा का हिस्सा बने। जैसे ही अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, मढ़ीनाथ, पशुपतिनाथ, बनखंडीनाथ, टीवरीनाथ और धोपेश्वरनाथ मंदिरों के ऊपर से फूल बरसे, पूरा शहर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
हजारों शिवभक्तों और कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा ने न केवल थकान भुला दी, बल्कि यह दृश्य श्रद्धा से भीगता आस्था का अनूठा उदाहरण बन गया। महिला श्रद्धालुओं की भागीदारी, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, जगह-जगह लगाए गए स्वागत शिविर और हर मोर्चे पर प्रशासन की सजगता ने इस सावन सोमवार को अविस्मरणीय बना दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि यह पहल प्रशासन और जनमानस के बीच विश्वास और समर्पण की मिसाल है, जिसे भविष्य में और भी विस्तार दिया जाएगा।