यूपी में फूड इकोनॉमी को मिलेगा बूस्ट: आगरा में जून में होगा फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2025

आगरा। उत्तर प्रदेश की खाद्य अर्थव्यवस्था को नई उड़ान देने के उद्देश्य से “फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2025” का आयोजन 22 से 24 जून तक जेपी होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, आगरा में किया जाएगा। यह आयोजन चेम्बर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (सीएफपीआईए) द्वारा पहली बार राज्य में आयोजित किया जा रहा है।

Jun 3, 2025 - 19:02
 0
यूपी में फूड इकोनॉमी को मिलेगा बूस्ट: आगरा में जून में होगा फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2025
लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए सीएफपीआई के मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल। साथ में विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, रिपुदमन सिंह, सागर तोमर व वीरेंद्र मौर्य।  

लखनऊ स्थित कार्यालय में सीएफपीआईए के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आमंत्रण पत्र सौंपा, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए इस पहल को राज्य की खाद्य अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया। उपमुख्यमंत्री के पास खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी भी है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि यह एक्सपो फूड प्रोसेसिंग, एग्री-बेस्ड स्टार्टअप्स, निर्यात, और एमएसएमई सेक्टर को मजबूती देगा। इससे किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, युवाओं को स्थानीय रोजगार मिलेगा और कोल्ड चेन व वेयरहाउसिंग में निवेश बढ़ेगा।

स्टार्टअप्स और एमएसएमई के लिए सुनहरा मंच

संगठन के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि एक्सपो से स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक्सपोजर मिलेगा। इससे नए निवेशकों को आकर्षण मिलेगा और व्यापार व निर्यात में बढ़ोतरी होगी।

खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने इसे राजस्व, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि यह स्टार्टअप्स को तकनीकी समाधान विकसित करने का मंच देगा।

3 दिन, 100+ प्रदर्शक, 7000+ विज़िटर

मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि आयोजन में 100 से अधिक प्रदर्शक, 25 से अधिक राष्ट्रीय वक्ता और 7000 से अधिक आगंतुक भाग लेंगे। यह उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और निवेशकों को एक साझा मंच देगा।

SP_Singh AURGURU Editor