अवैध बारूद बना पांच का काल: अमरोहा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, महिलाओं की दर्दनाक मौत

अमरोहा। ज़िले के अतरासी गांव में सोमवार को एक ज़ोरदार धमाका हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यह विस्फोट अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ, जिसमें पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री की पूरी बिल्डिंग मलबे में तब्दील हो गई और ईंटें बहुत दूरी तक तक जा गिरीं।

Jun 16, 2025 - 13:50
 0
अवैध बारूद बना पांच का काल: अमरोहा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, महिलाओं की दर्दनाक मौत
अमरोहा जिले के अतरासी गांव में सोमवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद घटनास्थल का दृश्य।  

-दर्जन भर लोग गंभीर घायल, विस्फोट के बाद फैक्ट्री मालिक हुआ फरार

रौंगटे खड़े कर देने वाला मंजर

धमाके के बाद चारों ओर धुएं का गुबार, मलबे में दबी चीखें, और रोते-बिलखते परिवारों की चीख-पुकार ने दृश्य को पूरी तरह भयावह बना दिया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। घायलों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को बुलाना पड़ा।

अवैध फैक्ट्री बना मौत का जाल

प्रशासन की शुरुआती जांच में साफ हो गया है कि यह पटाखा फैक्ट्री बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के वर्षों से अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। ना तो अग्निशमन की व्यवस्था थी और ना ही विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रखने का कोई इंतजाम। यह मौत को दावत देने जैसा था और वही हुआ।

मालिक फरार, इलाका सील

विस्फोट के बाद फैक्ट्री मालिक फरार हो गया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। संचालक की तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है, जबकि घायलों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना सिर्फ एक विस्फोट नहीं, सिस्टम की नाकामी का विस्फोट भी है। सवाल यह उठता है कि बिना लाइसेंस के वर्षों से यह फैक्ट्री कैसे चल रही थी? क्या स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक नहीं थी, या आंखें मूंद रखी थीं?

हादसे में मृत महिलाओं के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। अतरासी गांव की गलियों में सन्नाटा और लोगों की आंखों में आक्रोश साफ झलक रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

SP_Singh AURGURU Editor