जनकपुरी महोत्सव में छह अक्टूबर को भावनेश्वर नाथ मंदिर से निकलेगा माता सीता का भव्य डोला, अगले दिन इसी मंदिर पर होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह
आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 के तहत 6 अक्टूबर को भावना एस्टेट स्थित श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से माता सीता का भव्य डोला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाला जाएगा। इसके अगले दिन 7 अक्टूबर को श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी का वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार दिव्य विवाह संपन्न कराया जाएगा। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) के नेतृत्व में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर क्षेत्रवासियों को आयोजन से जोड़ा जा रहा है तथा कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने बताया कि 6 अक्टूबर को माता सीता का डोला श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर भावना एस्टेट रोड, होली पब्लिक स्कूल रोड, गणपति आशियाना रोड, केके नगर, नीरव निकुंज रोड, शिवा कुंज और अमर विहार कॉलोनी रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगा। पूरे मार्ग पर श्रद्धालु माता सीता का पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ स्वागत करेंगे। भजन-कीर्तन, आकर्षक धार्मिक झांकियां और भक्तिमय प्रस्तुतियां शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहेंगी।
उन्होंने बताया कि डोला मार्ग और मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य स्वागत द्वारों और मनमोहक पुष्प सज्जा से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक आस्था और उत्सव के रंग में रंगा दिखाई देगा।
7 अक्टूबर को होगा वैदिक परंपरा से तुलसी-शालिग्राम विवाह
आयोजन के दूसरे दिन 7 अक्टूबर को श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी का दिव्य विवाह वैदिक परंपरा और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी धार्मिक रस्में पूरी होंगी। इस पावन आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
डोला मार्ग का किया गया विस्तृत निरीक्षण
जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों के क्रम में मंगलवार को आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माता सीता के डोला मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों से जनसंपर्क कर उन्हें आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया। लोगों से सुझाव भी लिए गए तथा स्वागत द्वार, विद्युत सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, पुष्पवर्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान समिति ने पूरे डोला मार्ग का सूक्ष्म सर्वेक्षण किया। जिन मार्गों से शोभायात्रा निकलेगी, वहां सड़क व्यवस्था, यातायात की स्थिति तथा श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा का आकलन किया गया। समिति ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि डोला यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु अथवा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए आवश्यक सड़क सुधार, यातायात प्रबंधन, विद्युत साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण एवं जनसंपर्क अभियान में संजय गोयल, मनोज बंसल, मनोज जादौन, राणा सुशील सिंह, संतोष कटारा, अंकुश मित्तल, आकाश गोयल (ग्वाला), धर्मेश जैन, नरेंद्र सिंह सेंगर, निमित्त पोरवाल, कपिल पोरवाल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, एकता बंसल, शीतल अग्रवाल, आरती शर्मा, प्रभाकर शर्मा एवं दिलीप गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।