ताजमहल से इनर रिंग रोड तक बदलेगी तस्वीर, 15.29 करोड़ के पर्यटन विकास कार्य मंजूर

आगरा मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई पथकर सलाहकार समिति की 42वीं बैठक में करीब 15.29 करोड़ रुपये के पर्यटन और सौंदर्यीकरण कार्यों को मंजूरी दी गई। ताजमहल के पूर्वी गेट पर क्लॉक रूम, पर्यटकों के लिए व्हीलचेयर और विदेशी पर्यटकों को वेलकम किट देने की व्यवस्था होगी। इनर रिंग रोड के आसपास पार्क विकसित किए जाएंगे, पांच प्रमुख मार्गों की लाइटिंग का रखरखाव होगा और फतेहपुर सीकरी सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

Nov 20, 2026 - 18:48
 0
ताजमहल से इनर रिंग रोड तक बदलेगी तस्वीर, 15.29 करोड़ के पर्यटन विकास कार्य मंजूर
पथकर सलाहकार समिति की बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा करते मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप व अन्य अधिकारी।

ताजमहल के पूर्वी गेट पर क्लॉक रूम, विदेशी पर्यटकों को 12 महीने वेलकम किट, इनर रिंग रोड की ग्रीन बेल्ट में पार्क और पांच प्रमुख मार्गों की लाइटिंग का होगा रखरखाव

आगरा। आगरा में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने, ऐतिहासिक स्मारकों के आसपास सौंदर्यीकरण और पर्यटकों की सुविधाओं का विस्तार करने के लिए पथकर निधि से करीब 15.29 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में आयोजित पथकर सलाहकार समिति की 42वीं बैठक में ताजमहल के पूर्वी गेट पर प्री-फैब्रिकेटेड क्लॉक रूम बनाने, पर्यटकों के लिए व्हीलचेयर खरीदने, इनर रिंग रोड के आसपास पार्क विकसित करने और शहर के विभिन्न मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था के रखरखाव सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

बैठक में पर्यटन सुविधाओं के साथ शहर की सुंदरता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने पूर्व में स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ताजमहल के पूर्वी गेट पर बनेगा क्लॉक रूम

ताजमहल आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वी गेट पर प्री-फैब्रिकेटेड क्लॉक रूम का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम से एनओसी संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। क्लॉक रूम में सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे पर्यटक अपने सामान को सुरक्षित रख सकें। ताजमहल के दर्शन के लिए आने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए व्हीलचेयर खरीदने और उनके संचालन की व्यवस्था का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया है।

इसके अलावा विदेशी टिकट धारक पर्यटकों को 12 महीने तक वेलकम किट उपलब्ध कराई जाएगी। इस किट में 500 मिलीलीटर मिनरल वाटर की बोतल, शू-कवर और कैरी बैग शामिल होंगे। इससे पर्यटकों को स्मारक भ्रमण के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इनर रिंग रोड पर विकसित होंगे नए पार्क

आगरा इनर रिंग रोड के रहनकलां टोल प्लाजा के दोनों ओर स्थित ग्रीन बेल्ट में पार्क विकसित किए जाएंगे और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसी तरह इनर रिंग रोड के प्रथम चरण में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के नजदीक निर्माणाधीन एंट्री गेट के दोनों ओर स्थित ग्रीन बेल्ट में भी पार्क विकसित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में प्रवेश करने वाले पर्यटकों को बेहतर दृश्य और हरित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही आगरा किला के अमर सिंह गेट के पास दीवार की मरम्मत का कार्य भी कराया जाएगा।

पांच मार्गों की लाइटिंग का होगा वार्षिक रखरखाव

नगर निगम सीमा के बाहर पांच प्रमुख मार्गों की पथ प्रकाश व्यवस्था के वार्षिक अनुरक्षण और संचालन की जिम्मेदारी भी पथकर निधि से निभाई जाएगी। इनमें ग्वालियर मार्ग, दक्षिण बाईपास मार्ग, फतेहपुर सीकरी मार्ग, वायु विहार मार्ग संख्या-13 और बोदला-बिचपुरी मार्ग शामिल हैं। ताजगंज परियोजना के तहत ताजमहल के आसपास स्थापित प्रकाश बिंदुओं का वार्षिक रखरखाव, अनुरक्षण और संचालन भी कराया जाएगा। फतेहपुर सीकरी और ताजमहल के पश्चिमी गेट पर स्थापित आरओ प्लांट का संचालन और रखरखाव भी प्रस्ताव में शामिल है।

ताज पश्चिमी गेट से श्मशान घाट तक तार फेंसिंग

ताजमहल के पश्चिमी गेट पर अमरूद टीला की तरफ से लाल बिल्डिंग होते हुए श्मशान घाट तक तार फेंसिंग लगाने का कार्य कराया जाएगा। इस प्रस्ताव का उद्देश्य संबंधित क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थित प्रबंधन को बेहतर बनाना है। इसके अलावा ताजमहल और फतेहपुर सीकरी के लिए आगरा हेरिटेज फंड से खरीदी गई दो एंबुलेंस तथा आगरा किला के लिए रेडक्रॉस फंड से खरीदी गई एक एंबुलेंस के नियमित अनुरक्षण और चालकों के वेतन की व्यवस्था भी पथकर निधि के प्रस्तावों में शामिल की गई है।

मुख्य मार्गों पर स्टोन साइनेज एक महीने में लगाने के निर्देश

मंडलायुक्त ने शहर के मुख्य मार्गों पर स्टोन के साथ रोड साइनेज स्थापित करने का कार्य एक महीने में पूरा करने के निर्देश दिए। इनर रिंग रोड के शमशाबाद मार्ग अंडरपास पर चल रहे फसाड लाइटिंग कार्य की परियोजना प्रगति प्रस्तुत करने और इसे समय से पूरा करने को कहा गया। आई लव सेल्फी प्वाइंट, ताज व्यू प्वाइंट, ताजमहल और आगरा किला के आसपास प्रकाश व्यवस्था तथा नगर निगम सीमा के बाहर पांच मार्गों की लाइटिंग को आगरा विकास प्राधिकरण से नगर निगम को हस्तांतरित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो तैयार

बैठक में बताया गया कि ताजमहल और फतेहपुर सीकरी में कुल छह वाटर एटीएम स्थापित किए जा चुके हैं। समिति सदस्य की मांग पर ताजमहल के पूर्वी गेट पर एक और वाटर एटीएम लगाने के निर्देश दिए गए। फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो का कार्य पूरा हो चुका है। मंडलायुक्त ने आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को इसका अंतिम निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सीकरी के आगरा गेट पर फसाड लाइटिंग, आईलैंड, सेंट्रल वर्ज, आईलैंड से आगरा गेट तक सौंदर्यीकरण, स्कल्प्चर और फसाड का कार्य भी पूरा होने की जानकारी दी गई। पथकर निधि से पूर्ण हो चुके और प्रगतिमान कार्यों का सत्यापन कराने के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्तमान में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समयसारिणी, कार्य प्रगति और डिजाइन सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों में मंदिर द्वार, सड़क और नाली निर्माण

बैठक में जनप्रतिनिधियों की ओर से भी कई प्रस्ताव रखे गए। पौराणिक आगरा के घटिया आजम खां के निकट स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के स्वागत द्वार के निर्माण का प्रस्ताव शामिल किया गया। इसके अलावा राधा नगर, श्यामपुरम, प्रकाश नगर, सुशील नगर, मोती महल और सूर्य नगर नगला मोहन लाल की मलिन बस्तियों में सीसी सड़क और नाली निर्माण के कार्य प्रस्तावित किए गए। फतेहपुर सीकरी नगर पालिका क्षेत्र में स्टेशन मोड़ से पथवारी तक सड़क के दोनों ओर पाथवे इंटरलॉकिंग तथा रेलवे गेट संख्या 40 से ग्वालियर गेट होते हुए मजार तक सड़क के दोनों ओर पाथवे इंटरलॉकिंग कराने के प्रस्ताव भी बैठक में रखे गए।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार बंसल, आगरा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष विजय कुमार, नगर आयुक्त संतोष कुमार, प्राधिकरण सचिव संजय कुमार, प्रभागीय वन अधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, प्राधिकरण के वित्त नियंत्रक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारी तथा समिति सदस्य राजीव सक्सेना, राकेश चौहान, राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।