प्यार की कोई उम्र नहीं, 70 में दिल आया तो घर में मचा बवाल
आगरा के शाहगंज में 70 वर्षीय व्यक्ति के कथित प्रेम संबंध ने 62 वर्षीय पत्नी की जिंदगी में विवाद खड़ा कर दिया। पत्नी का आरोप है कि पति दूसरी महिला के साथ मिलकर उसकी पेंशन की रकम खर्च कर रहा है और घर का खर्च भी नहीं देता। संबंधों का विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। घर में लगे सीसीटीवी में मारपीट की घटना रिकॉर्ड होने का भी दावा है। पुलिस ने पति, दूसरी महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। कहते हैं कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती, लेकिन आगरा के शाहगंज क्षेत्र में 70 साल की उम्र में कथित तौर पर शुरू हुआ एक प्रेम संबंध अब पति-पत्नी के विवाद का कारण बन गया है। 62 वर्षीय पत्नी ने अपने पति पर दूसरी महिला से कथित अनुचित संबंध रखने, विरोध करने पर मारपीट करने और घर का खर्च देना बंद करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर शाहगंज थाने में उसके पति, कथित प्रेमिका समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
दो साल से बदल गया पति का व्यवहार
वायु विहार रोड निवासी 62 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी और बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि तलाकशुदा बेटी उसके साथ रहती है। महिला का आरोप है कि करीब दो साल से उसके 70 वर्षीय पति का व्यवहार अचानक उसके प्रति बेहद खराब हो गया। पीड़िता के मुताबिक, उसके पति का दूसरी महिला से कथित तौर पर संबंध है। महिला का आरोप है कि दूसरी महिला और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने उसके पति को अपने प्रभाव में ले लिया है। इसके बाद पति अपनी पेंशन से मिलने वाली रकम भी उनके कहने पर खर्च कर रहा है।
पत्नी ने संबंधों का विरोध किया तो बढ़ा विवाद
महिला का आरोप है कि पति अब घर के खर्च के लिए उसे कोई पैसा नहीं देता। यहां तक कि पति ने कथित तौर पर साफ कह दिया कि वह उसे एक रुपया भी नहीं देगा। पीड़िता के अनुसार, पति की पेंशन की रकम दूसरी महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के जरिए गलत तरीके से खर्च की जा रही है। जब पत्नी ने पति से दूसरी महिला से संबंधों को लेकर सवाल किया और इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके साथ ही गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना भी की गई।
पति समेत तीन लोगों पर एफआईआर
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। उसके साथ हुई मारपीट की घटना कैमरों में रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर शाहगंज पुलिस ने महिला के पति, दूसरी महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।