महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सांसद नवीन जैन के आवास पहुंचे, परिजनों ने किया पारंपरिक स्वागत 

आगरा। छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती (शिव जन्मोत्सव) के आयोजन में शामिल होने विगत दिवस आगरा पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने प्रवास के दौरान कुछ समय सांसद नवीन जैन के आवास पर गुजारा। मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद नवीन जैन के आवास पर रात्रि भोज में भी शामिल हुए।

Feb 20, 2026 - 21:26
 0
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सांसद नवीन जैन के आवास पहुंचे, परिजनों ने किया पारंपरिक स्वागत 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस आगरा दौरे के दौरान सांसद नवीन जैन के आवास पर उनके साथ। चित्र में भाजपा महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता भी हैं।

आगरा किला में मुख्य कार्यक्रम सम्पन्न होने के पश्चात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सीधे राज्यसभा सांसद नवीन जैन के निवास पर पहुंचे। हालांकि मुख्यमंत्री के आधिकारिक प्रोटोकॉल में यह पूर्व से निर्धारित नहीं था।

सांसद नवीन जैन एवं उनके परिवारजनों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान शॉल ओढ़ाकर, जटा वाला नारियल भेंट कर, तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर मुख्यमंत्री का हार्दिक अभिनंदन एवं सत्कार किया गया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सांसद के आवास पर रात्रि भोज किया, जहां पारिवारिक वातावरण में सौहार्दपूर्ण संवाद भी हुआ।

इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार, विधायक प्रशांत बंशीवाल, आगरा भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजपा युवा नेता वैभव जैन, रेनू जैन, प्रीलि जैन, कीर्ति जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor