ह्वाइट हाउस का बड़ा बयान, अमेरिका का मजबूत सहयोगी है भारत, ट्रंप और मोदी के हैं अच्छे रिश्ते
वाइट हाउस ने भारत को अमेरिका का अच्छा और खास सहयोगी कहा है। साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच निजी तौर पर अच्छे रिश्ते होने की बात कही है।
वॉशिंगटन। अमेरिका ने भारत को अपना अहम और जरूरी सहयोगी बताया है। ह्वाइट हाउस ने अपने बयान में भारत को अमेरिका के सबसे मजबूत सहयोगियों में से एक कहा है। साथ ही दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिश्तों की भूमिका पर जोर दिया है। वाइट हाउस का कहना है कि ट्रंप और मोदी के बीच निजी तौर पर भी अच्छे रिश्ते हैं।
वाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन (सीएम और पीएम के तौर पर) के 25 साल पूरे करने और राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनके संबंधों पर सवाल पूछा गया था। इस पर जवाब देते हुए एना ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच की साझेदारी ने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत किया है।
वाइट हाउस प्रवक्ता का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को सार्वजनिक पद पर 25 साल पूरे किए। उन्होंने पहली बार 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर पद संभाला था और 2014 में आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री बने।
वाइट हाउस का यह बयान रक्षा, टेक्नोलॉजी, व्यापार और रणनीतिक मामलों जैसे क्षेत्रों में भारत और अमेरिका के बीच बड़े पैमाने पर सहयोग के माहौल में आया है। दोनों देश व्यापार और नीतिगत मामलों सहित द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करते रहते हैं लेकिन वाइट हाउस की प्रतिक्रिया में दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंधों पर जोर दिया गया है।
वाइट हाउस के बयान में हालांकि किसी नई द्विपक्षीय पहल या नीतिगत फैसले की घोषणा नहीं की गई है। अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल के दौरान भारत और अमेरिका ने रक्षा और सुरक्षा, उभरती टेक्नोलॉजी, व्यापार और निवेश, और व्यापक रणनीतिक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाया है। दोनों देशों के बीच कोई औपचारिक आपसी रक्षा संधि नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी का 25 साल का सार्वजनिक करियर भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय सक्रियता के दौर से मेल खाता है, जिसमें प्रमुख ताकतों के साथ मजबूत साझेदारी और 'ग्लोबल साउथ' में भारत की भूमिका पर ध्यान देना शामिल है। नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के इस पड़ाव पर दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें बधाई संदेश भेजे हैं।