धर्मांतरण के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई में भूमिका निभाने पर मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का सम्मान

आगरा। जबरन धर्मांतरण कराने वाले गिरोह के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई में अहम भूमिका निभाने पर उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का सतनाम साक्षी स्वामी श्री टेउराम आश्रम, केदार नगर में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मंत्री के साथ उन पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने शाहगंज क्षेत्र में धर्मांतरण के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया था।

Oct 19, 2025 - 18:50
 0
धर्मांतरण के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई में भूमिका निभाने पर मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का सम्मान
स्वामी श्री टेऊराम आश्रम, केदार नगर में धर्मांतरण में निर्णायक कार्रवाई के लिए पुलिस इंसपेक्टर को सम्मानित करते उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

समारोह के दौरान वातावरण पूरी तरह उत्साह और राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत नजर आया। आश्रम में जय श्री राम, सनातन धर्म की जय और धर्म रक्षा का संकल्प के जयघोष गूंजते रहे।

मंत्री ने कहा – धर्मांतरण समाज के खिलाफ अपराध

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार धर्म की रक्षा और राष्ट्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धर्मांतरण के आरोपी न केवल कानून के अपराधी, बल्कि समाज के भी दोषी हैं।
उन्होंने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि जो लोग कानून से खेलना चाहते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने इसे आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा की लड़ाई बताया।

सिंधी समाज को सराहा, संघर्ष की परंपरा को नमन

अपने संबोधन में मंत्री ने सिंधी समाज की निष्ठा और धार्मिक दृढ़ता की प्रशंसा करते हुए कहा, सिंधी समाज ने कभी अपने धर्म से समझौता नहीं किया। मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए पाकिस्तान छोड़ दिया, लेकिन सनातन धर्म नहीं छोड़ा।
उन्होंने कहा कि यह समाज आज भी सनातन संस्कृति और राष्ट्रवाद की जीवंत मिसाल है।

पुलिस टीम को मिला विशेष सम्मान

मंच से उन पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने धर्मांतरण के मामले में निडरता और सतर्कता दिखाते हुए अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा। सम्मानित अधिकारियों में शामिल रहे इंस्पेक्टर वीरेश पाल गिरी (थाना शाहगंज), इंस्पेक्टर संगीता सोलंकी (महिला थाना), एसआई करुणा सिंह, इंस्पेक्टर कोमल पांडे, और हेड कांस्टेबल पूजा।  सभी को मंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

आठ आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

गौरतलब है कि विगत माह शाहगंज क्षेत्र में लालच देकर धर्मांतरण कराने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने राजकुमार लालवानी सहित आठ आरोपियों को जेल भेजा था।
इस कार्रवाई में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सक्रिय सहयोग कर प्रशासन और समाज के बीच समन्वय स्थापित किया था।

कार्यक्रम का संचालन भगवती साजनानी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें हेमंत भोजवानी, सुनील करमचंदानी, घनश्याम हेमलानी, भीम सचदेवा, नीरज झा, मोटू भाई, पं. रतन गौतम, दिलीप सिंह तोमर, अरुण पाराशर, जैकी साजनानी, मनीष खेमानी, अमित कोडलानी, प्रताप लालवानी, जगदीश मोनानी, राजू आदि प्रमुख रहे।

SP_Singh AURGURU Editor