आगरा कॉलेज में ‘नवोदय 2026’ की धूम, नृत्य-संगीत और तकनीकी सोच से सजा फ्रेशर्स पार्टी का मंच

आगरा। आगरा कॉलेज के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एफईटी) परिसर में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ‘नवोदय 2026’ में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, अभिनय और वाद्य-वादन की प्रस्तुतियों से प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी नीरज गुप्ता ने विद्यार्थियों से तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल और नैतिक मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

Oct 7, 2026 - 21:26
 0
आगरा कॉलेज में ‘नवोदय 2026’ की धूम, नृत्य-संगीत और तकनीकी सोच से सजा फ्रेशर्स पार्टी का मंच
आगरा कॊलेज की फैकल्टी ऒफ इंजीनियरिंग में नवप्रवेशितों की फ्रैशर्स पार्टी में कार्यक्रम प्रस्तुत करते छात्र। दूसरे चित्र में प्रिंसिपल प्रो. सीके गौतम को स्मृति चिह्न प्रदान करते शिक्षकगण।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नीरज गुप्ता और आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया। छात्रा अनन्या गर्ग ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि नीरज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीकी क्रांति और नवाचार का है। किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल और नैतिक मूल्यों का संतुलन ही सफल व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी सोच का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने तथा समाज हितैषी स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने कहा कि आगरा कॉलेज का इतिहास 200 से अधिक वर्षों का गौरव समेटे हुए है। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए समय की पाबंदी, अनुशासन और निरंतर परिश्रम को जीवन का मूलमंत्र बनाने की सीख दी। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी अपनी मेहनत से कॉलेज और माता-पिता का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में रुचि, आस्था, आन्या सिंघल, निहारिका, निखिल, शिवंशी, अनन्या गर्ग और कृतिका ने शास्त्रीय एवं बॉलीवुड गीतों पर एकल नृत्य प्रस्तुत किए। आस्था व आदित्य, मुकुल व स्वप्निल तथा मृत्युंजय भारद्वाज व आदित्य भारद्वाज की जोड़ियों ने युगल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

केशव, आकृति, स्नेहा और निहारिका ने एकल गायन से वातावरण को संगीतमय बना दिया। राघव, रिया, कृष्णा व राशि के समूह, शिवंशी, लिमा व निहारिका के दल तथा अंशिता, हिमांशु, राशि, कृष्णा, निहारिका, प्रिंस, राघव व लिमा की संयुक्त टीम ने समूह नृत्य प्रस्तुत किए। आस्था, केशव, दिव्यांशी, आदित्य, दिशिका व नमन के समूह ने नृत्य और संवाद के संयोजन से दर्शकों की वाहवाही हासिल की।

विद्यार्थियों की सामाजिक स्किट ने समकालीन सामाजिक चुनौतियों को रेखांकित किया। गोपाल के वाद्य-वादन ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

समारोह का संचालन कार्यक्रम संयोजक इंजीनियर उद्धव द्विवेदी ने किया। उनके मार्गदर्शन में छात्र समन्वयकों की टीम ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। समारोह में डॉ. भूपाल सिंह, डॉ. भूपेंद्र चिकारा, डॉ. एस. के. पांडे, यादवेंद्र शर्मा, अनुज पाराशर, अमित रावत, आर. के. शर्मा, अनुराग शर्मा, तनवीर कमर, प्रतीक सक्सेना, राहुल जैन, धीरेंद्र अग्रवाल, धीरेंद्र सिंह, दीपक पाठक, आनंद, राजपूत, अर्पिता गुप्ता, उदिता गुप्ता सहित शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

समापन पर डॉ. गुंजन अग्रवाल ने मुख्य अतिथि नीरज गुप्ता, प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम, कार्यक्रम संयोजक, प्राध्यापकों, तकनीकी सहयोगियों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor