विराट हिन्दू सम्मेलन के लिए आगरा में उमड़ी कलश यात्रा की महासागर-सी धारा

आगरा। आगामी 8 फरवरी को जीआईसी मैदान में प्रस्तावित विराट हिन्दू सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से सकल सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार कोठी मीना बाजार स्थित संचालन कार्यालय से एक भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इस आयोजन ने आगरा में सनातन चेतना, सामाजिक समरसता और हिंदू एकता का प्रभावशाली संदेश दिया।

Jan 25, 2026 - 21:15
 0
विराट हिन्दू सम्मेलन के लिए आगरा में उमड़ी कलश यात्रा की महासागर-सी धारा
जीआईसी ग्राउंड पर आठ फरवरी को होने जा रहे विराट हिंदू सम्मेलन के लिए रविवार को आगरा में निकाली गई कलश यात्रा का एक विहंगम दृश्य।

कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर संगीतमय वातावरण में नाचते-झूमते हुए सहभागिता की। पूरे मार्ग में सनातन एकता और हिंदू जागरण के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा का प्रमुख उद्देश्य समस्त सनातनियों को संगठित कर 8 फरवरी के विराट सम्मेलन में अधिकाधिक सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा।

कलश यात्रा संचालन कार्यालय से प्रारंभ होकर साकेत चौराहा, भोगीपुरा, रुई की मंडी चौराहा, स्पीड कलर लैब होते हुए कोठी मीना बाजार के सामने से गुजरकर पुनः कार्यालय पर संपन्न हुई। मार्गभर नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा व अभिवादन कर यात्रा का स्वागत किया।

महिलाओं की विशाल और अनुशासित सहभागिता ने हिंदू एकता और संगठन शक्ति का सशक्त परिचय दिया। कार्यक्रम में सकल सनातन सेवा समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

कलश यात्रा के समापन के पश्चात समिति द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष महेश सारस्वत, संरक्षक (आरएसएस) केशव शर्मा तथा सह सचिव एवं मीडिया प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि 8 फरवरी को आयोजित होने वाला विराट हिन्दू सम्मेलन सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकता को सशक्त करने का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा। उन्होंने जन-जन से सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया।

SP_Singh AURGURU Editor