खुद को लव जिहाद का शिकार बताने वाली 'लुटेरी दुल्हन' निकली, गैंग तक जा पहुंची पुलिस, चार गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। बरेली पुलिस के सामने एक युवती ने जब धर्म छिपाकर शादी करने और जबरन देह व्यापार में धकेलने की शिकायत दर्ज कराई तो यह मामला सीधा-साधा प्रतीत हुआ, लेकिन जब पुलिस ने इसकी छानबीन की तो मामला पूरी तरह पलट गया। शिकायत दर्ज कराने वाली युवती खुद शादियों का नाटक कर लोगों को लूटने वाले उसी अंतरराज्यीय गैंग की सदस्य निकली, जिसके एक सदस्य के खिलाफ उसने रिपोर्ट लिखाई थी। पुलिस ने इस गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर ठगी के एक संगठित खेल का भंडाफोड़ किया है।

Jul 30, 2025 - 12:47
 0
खुद को लव जिहाद का शिकार बताने वाली 'लुटेरी दुल्हन' निकली, गैंग तक जा पहुंची पुलिस, चार गिरफ्तार
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये चार आरोपी, जो शादी के नाम पर लोगों को ठगा करते थे।

शिकायत में लगाए थे गंभीर आरोप
कोलकाता की एक युवती ने 23 जुलाई को थाना बहेड़ी में एक युवक के खिलाफ धार्मिक पहचान छिपाकर फर्जी शादी करने, अवैध मांस खिलाने, गर्भपात कराने और देह व्यापार में धकेलने जैसे संगीन आरोपों में केस दर्ज कराया था। आरोपी युवक मंडनपुर शुमाली का बख्तावर था, जो अब पुलिस की गिरफ्त में है।

पुलिस की जांच में पलट गई कहानी
पुलिस ने जब दोनों पक्षों से अलग-अलग पूछताछ की तो असलियत सामने आने लगी। जांच में पता चला कि यह युवती दरअसल एक ऐसे गैंग की सदस्य है जो फर्जी आईडी बनाकर अलग-अलग जगहों पर भोले-भाले युवकों से शादी का नाटक करती थी और फिर दुल्हन बनकर उनके घर से नगदी और जेवरात लेकर फरार हो जाती थी।

रकम के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद
गैंग के भीतर आपसी बंटवारे को लेकर विवाद होने पर युवती ने ही अपने साथी बख्तावर के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस को शक हुआ तो गहराई से जांच की गई, जिसमें पता चला कि गैंग ने इसी युवती को दुल्हन बनाकर कई लोगों से शादी का नाटक किया और बाद में उनके घरों से माल लेकर भाग आई।

तीन मामलों में शादी के नाम पर फ्रॊड की पुष्टि
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में तीन मामलों की पुष्टि की है, जिनमें प्रेमपाल कश्यप (बदायूं), मित्रपाल (राजस्थान) और उग्रसेन (हनुमानगढ़) के साथ फर्जी शादी या लिव-इन रिलेशनशिप कर लाखों की ठगी की गई। सभी मामलों में कोलकाता की वही युवती शामिल थी जिसने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

गैंग की सरगना चंदा है, जिसकी तलाश जारी
इस गैंग की मास्टरमाइंड युवती रुद्रपुर निवासी चंदा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। वहीं, कोलकाता की लुटेरी दुल्हन की गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज़ कर दिए गए हैं।

ये चार गिरफ्तार किए जा चुके

पुलिस ने चार आरोपियों, बख्तावर (मंडनपुर शुमाली), राजवीर (केसरपुर), ताहिर (भौना फार्म) और गुड्डू (गौटिया) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से विवाह संबंधी फर्जी शपथ पत्र, लिव-इन रिलेशनशिप के एफिडेविट और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor