‘पापा-मम्मी ही मेरी दुनिया हैं… अर्जुन से अलग करने वालों को नहीं मिलेगी कामयाबी’- तेज प्रताप का भावुक संदेश

पटना। राष्ट्रीय जनता दल से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने और परिवार से नाता टूटने के छह दिन बाद, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर दो भावुक पोस्ट साझा कर अपने जज़्बात सामने रखे हैं।

Jun 1, 2025 - 20:41
 0
‘पापा-मम्मी ही मेरी दुनिया हैं… अर्जुन से अलग करने वालों को नहीं मिलेगी कामयाबी’- तेज प्रताप का भावुक संदेश
तेज प्रताप यादव और अनुष्का।

तेज प्रताप यादव ने पहले अपने माता-पिता के नाम एक मार्मिक संदेश लिखा-

‘मेरे प्यारे मम्मी-पापा...मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर हैं आप और आपका दिया हुआ कोई भी आदेश। आप हैं तो सब कुछ है मेरे पास। सिर्फ मुझे आपका विश्वास और प्यार चाहिए ना कि कुछ और।
पापा आप नहीं होते तो ना ये पार्टी होती और ना मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग।
बस, मम्मी-पापा आप दोनों स्वस्थ और खुश रहें हमेशा।‘

यह पोस्ट इस पूरे विवाद में तेज प्रताप की पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया है, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता के प्रति अगाध प्रेम और आस्था जताई है।

इस भावुक संदेश के लगभग आठ घंटे बाद तेज प्रताप ने एक और पोस्ट किया, जो सीधे अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को समर्पित था-

‘मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों, तुम कभी अपनी साजिश में सफल नहीं हो सकोगे।
कृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो, लेकिन खुद कृष्ण को नहीं।
हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा।
बस मेरे भाई भरोसा रखना, मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूं, फिलहाल दूर हूं, लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा।
अरे भाई, मम्मी-पापा का ख्याल रखना, जयचंद हर जगह हैं, अंदर भी, बाहर भी।‘

इस पोस्ट के साथ तेज प्रताप यादव ने कुरुक्षेत्र में कृष्ण-अर्जुन की एक प्रतीकात्मक तस्वीर भी साझा की है।

गौरतलब है कि बीते 24 मई को तेज प्रताप यादव ने फेसबुक पर अपनी 12 साल पुरानी प्रेमिका अनुष्का यादव के साथ रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया था, जिसके बाद लालू यादव ने नाराज़गी जताते हुए 25 मई को न केवल तेज प्रताप को पार्टी से बाहर कर दिया, बल्कि सार्वजनिक रूप से यह भी कहा कि उनका अब अपने बड़े बेटे से कोई संबंध नहीं है।

छह दिन की चुप्पी तोड़कर तेज प्रताप ने अब भावनात्मक जुड़ाव और राजनीतिक दूरियों को शब्दों में ढालते हुए एक बार फिर सुर्खियों में जगह बना ली है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि तेजस्वी यादव इन संकेतों का क्या जवाब देंगे।

SP_Singh AURGURU Editor