खेरिया एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव का कल शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी

आगरा। खेरिया एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव के शिलान्यास की घड़ी आ ही गई। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से अपराह्न ढाई बजे आगरा के सिविल एन्क्लेव का शिलान्यास करेंगे। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबीरानी मौर्य, सांसद राज कुमार चाहर और अन्य जनप्रतिनिधि आगरा में इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। 

Oct 19, 2024 - 20:37
 0
खेरिया एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव का कल शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी

सिविल एन्क्लेव के शिलान्यास की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। धनौली के आसपास के तीन गांवों की जमीन पर बनाए जा रहे सिविल एन्क्लेव के बनने के बाद आगरा में घरेलू उड़ानें बढ़ जाएंगी। अभी अपेक्षित सुविधाएं न होने के कारण एयरपोर्ट पर बहुत कम फ्लाइट्स आ पाती हैं। 

यूं तो आगरा में लम्बे समय से एयरपोर्ट की मांग की जा रही थी, लेकिन सरकार पूर्ण एयरपोर्ट की जगह सिविल एन्क्लेव का विकास कर आगरा की इस मांग को पूरा करने जा रही है। कहने को तो यह सिविल एन्क्लेव है, लेकिन यहां सुविधाएं इतनी विकसित की जा रही हैं कि लोगों को एयरपोर्ट की कमी महसूस नहीं होगी। 

सिविल एन्क्लेव का काम वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसे 1400 यात्रियों के लिहाज से विकसित किया जा रहा है। अभी आगरा से मुंबई, जयपुर, लखनऊ, भोपाल, अहमदाबाद, हैदराबाद, बंगलुरू आदि शहरों के लिए उड़ानें हैं। ये उड़ानें भी नियमित नहीं हैं। सिविल एन्क्लेव बनने के बाद देश के दूसरे बड़े शहरों के लिए भी आगरा से उड़ानें शुरू हो सकेंगी।

32 चेकइन काउंटर, तीन सौ से ज्यादा कारों की पार्किंग, एयरोब्रिज, दो कन्वेयर बेल्ट समेत और भी सुविधाएं सिविल एन्क्लवे पर उपलब्ध होंगी। सबसे बड़ी बात यह है कि अब आगरा एयरपोर्ट पर बड़े विमान भी उतर सकेंगे। पर्यटन उद्यमियों की हमेशा मांग रही है कि आगरा में अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स सीधे उतरें। अब यह भी संभव हो सकेगा। 

आगरा के सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बताया कि सिविल एन्क्लेव के निर्माण की सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। कल शिलान्यास होने के बाद बहुत जल्द काम शुरू हो जाएगा। इसका निर्माण पूरा होने के बाद आगरा से उड़ानों की संख्या भी बढ़ जाएगी।   

SP_Singh AURGURU Editor