बालाजी ज्वेलर्स लूट और शोरूम स्वामी की हत्या में पुलिस अभी खाली हाथ
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के कारगिल चौराहा स्थित बालाजी ज्वेलर्स पर हुई लूट और शोरूम संचालक योगेश चौधरी की हत्या की वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया है। वारदात को हुए 36 घंटे होने को हैं और आगरा पुलिस अभी तक खाली हाथ ही है। वारदात करने वाले बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों का सुराग जुटाने में लगी हुई है।
-सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान की कोशिशें, व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश
इस सनसनीखेज वारदात के सीसीटीवी फुटेज यह साफ दर्शा रहे हैं कि दोनों बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। चेहरे नकाब से ढंके हुए थे और जिस बाइक से आए, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
दो नकाबपोश और हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान में लगभग 10 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था। लूट के बाद जब दुकानदार योगेश चौधरी ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी गई। योगेश चौधरी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापार मंडलों की ओर से एक ओर जहां पुलिस आयुक्त को ज्ञापन दिया गया है, वहीं कैंडल मार्च भी निकाला गया। आगरा पुलिस ने घटना को चुनौती के रूप में लिया है और तकनीकी जांच के जरिए अपराधियों तक पहुंचने के प्रयासों को तेज कर दिया है।
पुलिस मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के जरिए सुराग जुटा रही है। घटना के समय आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही, पुलिस बीते एक हफ्ते के दौरान की रेकी की संभावना पर भी काम कर रही है।
नव नियुक्त पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के सामने यह पहली बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। लगातार दो गंभीर घटनाओं, बालाजी ज्वेलर्स पर लूट और हत्या तथा फतेहाबाद में बालक का अपहरण की वारदात ने पुलिस की तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस टीमें दिन-रात आरोपियों की तलाश में लगी हैं।
बालाजी ज्वेलर्स के स्वामी योगेश चौधरी हत्याकांड में शामिल अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही के संबंध में शनिवार को व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष भुपेंद्र सिंह सोवती, जिलाध्यक्ष राजेश खुराना, युवा महासभा अध्यक्ष जीतेश कुमार, अमित अग्रवाल सहित आदि पदाधिकारी व अन्य व्यापारी संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। मार्च में आम लोग भी शामिल थे।