सड़कें रुकेंगी नहीं, दौड़ेंगी: राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा- रुनकता-बल्देव सेतु 18 माह में पूरा करें

आगरा। उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद अक्टूबर से युद्धस्तर पर अभियान चलाकर सभी मजरों को पक्के संपर्क मार्गों से जोड़ा जाएगा। मंत्री सर्किट हाउस में पीडब्ल्यूडी की मंडलीय समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।

May 16, 2025 - 20:22
 0
सड़कें रुकेंगी नहीं, दौड़ेंगी: राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा- रुनकता-बल्देव सेतु 18 माह में पूरा करें
सर्किट हाउस में पीडब्ल्यूडी की मंडलीय समीक्षा बैठक करते राज्यमंत्री बृजेश सिंह, साथ में सांसद-विधायक और विभागीय अधिकारी।  

राज्यमंत्री ने कहा कि पीडब्ल्यूडी में एक ही जिले में दस साल से तैनात जेई और एई की सूची तैयार कर जल्द ट्रांसफर किए जाएंगे, ताकि काम में पारदर्शिता और गति लाई जा सके। उन्होंने इनर रिंग रोड, एक्सप्रेसवे और ग्रामीण संपर्क मार्गों से संबंधित कार्यों में तेजी लाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नए रास्ते विकसित करने के निर्देश दिए। कहा कि एक्सप्रेस वे, इनर रिंग रोड आदि के निर्माण से गांवों के संपर्क की भौतिक स्थिति बदल गई है तथा वहां निवासित आबादी गलत दिशा से आवाजाही कर रही है, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं।

सेतु निगम को फटकार

बैठक के दौरान रुनकता-बल्देव मार्ग पर रेणुकाधाम के पास यमुना नदी पर बन रहे सेतु की समीक्षा की गई। 2021 से अब तक सिर्फ 35% कार्य ही पूरा होने पर बृजेश सिंह ने अफसरों की खिंचाई करते हुए अगले 18 माह में सेतु निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग और रेलवे से जरूरी एनओसी समय पर प्राप्त कर काम में तेजी लाई जाए।

ग्रामीण विकास की रफ्तार बढ़ेगी

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि योगी सरकार के तहत सड़क निर्माण में तेज़ी आई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था को गति मिली है। उन्होंने सड़क निर्माण को ग्रामीण विकास की रीढ़ बताया।

बैठक में फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, विधानपरिषद सदस्य विजय शिवहरे, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, पक्षालिका सिंह, चौ. बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह और गोवर्धन के विधायक मेघश्याम सिंह सहित पीडब्ल्यूडी के मंडलीय व जिला अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor