अछनेरा में साधु की ईंट से सिर कूचकर हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिला का शव

अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव सहाई में 45 वर्षीय साधु धर्मवीर सोलंकी की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। उनका शव गांव के बाहर प्लाट पर बने कमरे में खून से लथपथ मिला। कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी और शव के पास खून से सनी ईंट पड़ी मिली। धर्मवीर कुछ समय पहले संन्यास लेकर अकेले रहने लगे थे। इससे पहले वह प्रॉपर्टी डीलिंग करते थे और उनके हिस्से की जमीन में से कुछ का सौदा हुआ था। पुलिस जमीन और पैसों के लेनदेन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Sep 25, 2026 - 16:11
 0
अछनेरा में साधु की ईंट से सिर कूचकर हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिला का शव
घटनास्थल के बाहर एकत्रित ग्रामीण।

संन्यास लेकर गांव के बाहर अकेले रह रहे थे धर्मवीर, दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद मिली, भतीजे ने खोला कमरा तो उड़ गए होश, शव के पास पड़ी थी खून से सनी ईंट

आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव सहाई में शुक्रवार को एक साधु की सिर कूचकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। गांव के बाहर प्लाट पर बने कमरे में रहने वाले 45 वर्षीय धर्मवीर सोलंकी का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। शव के पास ही खून से सनी ईंट पड़ी मिली, जिससे आशंका है कि इसी से सिर पर हमला कर उनकी हत्या की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंच गया। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया। टीमों ने कमरे और उसके आसपास के क्षेत्र की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुबह गाय को चारा डालने नहीं पहुंचे तो भतीजा पहुंचा कमरे पर

धर्मवीर सोलंकी गांव के बाहर एक प्लाट पर बने कमरे में अकेले रहते थे। उनके भतीजे सौरभ सोलंकी के मुताबिक, धर्मवीर रोजाना सुबह गांव में अपनी गाय को चारा डालने आते थे। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे तक जब वह गांव नहीं पहुंचे तो सौरभ को चिंता हुई। वह चाचा को देखने के लिए प्लाट पर पहुंचा। सौरभ ने देखा कि कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी। उसने चाचा को फोन किया तो मोबाइल की घंटी कमरे के अंदर से सुनाई दी। इसके बाद उसने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। धर्मवीर खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े थे। उनके सिर और शरीर पर चोट के कई निशान थे। कमरे के पास ही खून से सनी ईंट भी पड़ी हुई थी।सौरभ ने तत्काल परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।

कुछ समय पहले मां की मौत के बाद अध्यात्म से जुड़ गए थे

परिजनों के मुताबिक धर्मवीर सोलंकी अविवाहित थे। कुछ महीने पहले उनकी मां का निधन हुआ था। इसके बाद धर्मवीर का झुकाव पूरी तरह अध्यात्म की ओर हो गया था। उन्होंने सांसारिक जीवन से दूरी बनाकर संन्यास ले लिया था और साधु के रूप में जीवन व्यतीत कर रहे थे। वह गांव के बाहर बने कमरे में अकेले रहते थे। मंदिर की सेवा करने के साथ ही भजन-कीर्तन में शामिल होते थे। बताया गया है कि वह नियमित रूप से गांव की परिक्रमा भी करते थे। उनकी दिनचर्या बेहद सामान्य थी और सुबह गाय को चारा डालने के लिए गांव आना भी रोज का हिस्सा था।

प्रॉपर्टी डीलिंग से भी जुड़े रहे, जमीन बेचने और लेनदेन की जांच

धर्मवीर सोलंकी पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। वह जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े हुए थे। परिजनों के अनुसार उनके हिस्से में करीब साढ़े तीन बीघा जमीन थी। इसमें से कुछ जमीन का उन्होंने हाल में सौदा किया था। इसके अलावा धर्मवीर ने कुछ लोगों को रुपये उधार भी दे रखे थे। ऐसे में पुलिस जमीन की बिक्री और रुपये के लेनदेन से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल कर सकती है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिलने से बढ़ा रहस्य

घटना में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि धर्मवीर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। अंदर उनका शव पड़ा था और पास में खून से सनी ईंट मिली। इससे पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से बंद किया और मौके से निकल गया होगा। हालांकि यह अभी जांच का विषय है और पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। फोरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से भी घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशे गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ धर्मवीर के संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

पुलिस खंगाल रही जमीन और पैसों के लेनदेन का रिकॉर्ड

धर्मवीर की हत्या के पीछे किसी व्यक्तिगत विवाद, जमीन के सौदे या पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद की आशंका से भी पुलिस जांच कर रही है। हाल में उन्होंने किस जमीन का सौदा किया था, उससे जुड़े लोग कौन थे और किन लोगों को रुपये उधार दिए थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि घटना से पहले और बाद में कमरे के आसपास आने-जाने वाले लोगों की पहचान हो सके। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या के तरीके और चोटों की गंभीरता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

अचानक हुई इस हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। एक ओर धर्मवीर ने सांसारिक जीवन से दूरी बनाकर अध्यात्म का रास्ता अपना लिया था, वहीं दूसरी ओर उनके अतीत में प्रॉपर्टी के कारोबार और जमीन-पैसे से जुड़े लेनदेन की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस की जांच कई बिंदुओं पर केंद्रित हो गई है।