श्रीलंका की चुनौती के सामने काफी सहज हैं शुभमन, बोले- मेरा टारगेट डब्ल्यूटीसी फाइनल, गाल टेस्ट कल से
श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट से पहले कप्तान शुभमन गिल ने डब्ल्यूटीसी फाइनल को अपना टारगेट बताते हुए कहा कि फॉर्मेट और परिस्थितियों में ढलने के लिए खिलाड़ियों को पर्याप्त तैयारी का समय मिलना चाहिए।
कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार से गॉल में शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के साथ ही भारतीय टीम अपने नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान का आगाज करने जा रही है। इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने रेड-बॉल क्रिकेट में सही मानसिक और तकनीकी तैयारी के महत्व को बताया है। गिल का मानना है कि अलग-अलग फॉर्मेट खेलने के बाद जब खिलाड़ी किसी विदेशी दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने जाते हैं तो उन्हें वहां के माहौल और परिस्थितियों में ढलने के लिए पर्याप्त समय मिलना बेहद जरूरी है।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तानी की जिम्मेदारी और टीम के विजन पर बात करते हुए शुभमन गिल ने कहा, 'मैं नेतृत्व की इस भूमिका में काफी सहज हूं और हमारी टीम लगातार सुधार कर रही है। हमारा मुख्य लक्ष्य डब्ल्यूटीसी के फाइनल में पहुंचना है और इसके लिए हमें कम से कम 5-6 टेस्ट मैचों में जीत दर्ज करनी होगी।'
गिल ने तैयारी के समय पर जोर देते हुए आगे जोड़ा, 'अगर हमें सीरीज से पहले एक हफ्ते या 10 दिनों की तैयारी का समय मिलता है तो उससे खिलाड़ियों को काफी मदद मिलती है। नए माहौल और परिस्थितियों के मुताबिक ढलना आसान नहीं होता ज्यादातर खिलाड़ियों को इसके लिए थोड़ा वक्त चाहिए होता है।'
गॉल का मैदान पारंपरिक रूप से स्पिनरों का गढ़ माना जाता है जहां श्रीलंका का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। साल 1998 से अब तक मेजबान श्रीलंका ने गॉल में खेले गए 49 टेस्ट मैचों में से 27 मुकाबले जीते हैं। ऐसे में कप्तान गिल और कोच गौतम गंभीर के सामने इस स्पिन-फ्रेंडली ट्रैक पर मेजबान टीम को पछाड़ने की कठिन चुनौती होगी। भारतीय टीम का हालिया टेस्ट प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है , इसलिए डब्ल्यूटीसी के नए चक्र की शुरुआत जीत और मजबूत लय के साथ करना टीम मैनेजमेंट की प्राथमिकता होगी।
भारतीय क्रिकेट फैंस को उम्मीद होगी कि यह दौरा 2017 के उस ऐतिहासिक दौरे की यादें ताजा करेगा, जब विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को उसी के घर में 3-0 से हराकर एक नए स्वर्णिम दौर की नींव रखी थी।