32 अर्घ्यों से गूंजा सिद्धचक्र विधान, इंद्रसभा में सौधर्म इंद्र बने नवीन जैन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

आगरा। कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर के सामने आयोजित नौ दिवसीय सिद्धचक्र विधान के चौथे दिन शुक्रवार को 32 अर्घ्यों के समर्पण के साथ श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा के साथ पूजन-अर्चना की। पीएनसी परिवार के तत्वावधान में चल रहे इस धार्मिक आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना के साथ देश और विश्व में शांति एवं सद्भाव की प्रार्थना की गई।

Nov 20, 2026 - 21:43
 0
32 अर्घ्यों से गूंजा सिद्धचक्र विधान, इंद्रसभा में सौधर्म इंद्र बने नवीन जैन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
कमला नगर डी ब्लॊक स्थित जैन मंदिर के सामने चल रहे श्री सिद्धचक्र विधान के चौथे दिन धार्मिक क्रियाएं करते पीएनसी परिवार के सदस्य।

डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित आयोजन स्थल पर मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने आदिनाथ भगवान की प्रतिमाओं का अभिषेक, विशेष शांतिधारा और विधि-विधान से पूजन किया। विधान मंडल पर अष्ट द्रव्य समर्पित कर 32 अर्घ्य अर्पित किए गए।

भोपाल से आई लोकेश जैन एंड पार्टी ने जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति संगीत पर महिलाएं और युवा श्रद्धालु नृत्य करने लगे। इस अवसर पर पीएनसी परिवार के सदस्यों ने मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज के चरणों का प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए। बाहर से आए अतिथियों का प्रदीप जैन और राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने माला एवं मुकुट पहनाकर स्वागत किया।

मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने प्रवचन में धर्म और संयम को जीवन का आधार बताया। धर्म जीवन का स्टीयरिंग है, जो सही दिशा दिखाता है, जबकि संयम ब्रेक की तरह है, जो गलत दिशा में जाने से रोकता है। धर्म और संयम के बिना जीवन बिना स्टीयरिंग और ब्रेक के दौड़ते वाहन जैसा है।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं।

सायंकाल श्रीजी की प्रतिमाओं की संगीतमय मंगल आरती हुई। रात आठ बजे कवि मयूर जैन, दिल्ली ग्रुप के निर्देशन में भव्य इंद्रसभा का मंचन किया गया। इसमें सौधर्म इंद्र की भूमिका नवीन जैन ने निभाई। स्वर्गाधिपति इंद्र के भव्य दरबार की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया।

आयोजन में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन सहित जैन संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor