सिराज ने आखिरी ओवर में लगा दिए तीन छक्के, भारत ने वार्मअप मैच में श्रीलंका को हराया, सिराज के कमाल से लोग हैरान
श्रीलंका इलेवन के खिलाफ भारत को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। एक ही ओवर बाकी था। मोहम्मद सिराज ने 3 छक्के लगाकर मैच जिता दिया। श्रीलंका के प्लेयर्स सिराज का बैट चेक करने लगे।
कोलंबो। मोहम्मद सिराज गेंद से तो कई बार कहर बरपा चुके हैं, लेकिन आज उन्होंने अपने बल्ले से गर्दा उड़ाया। उनकी बैटिंग देखकर श्रीलंका इलेवन के प्लेयर्स भी हैरान हो गए। मैच खत्म होने के बाद उनके खिलाड़ियों ने सिराज का बैट ले लिया और उसे चेक करने लगे। दरअसल आखिरी ओवर में भारत को 16 रन चाहिए थे, सिराज ने छक्कों की हैट्रिक लगाकर मैच जिता दिया।
श्रीलंका इलेवन के खिलाफ कोलंबो में खेले गए वार्म-अप मैच के तीसरे और आखिरी दिन श्रीलंका ने अपनी पारी 200/6 पर घोषित कर दी। पहली पारी में 6 रनों से पिछड़ी भारतीय टीम को जीतने के लिए 207 रन बनाने थे। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने शतकीय साझेदारी कर शानदार शुरुआत की। भारत जीत की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन आखिरी समय में लगने लगा कि शायद मैच ड्रा पर समाप्त हो जाएगा। 1 ओवर बाकी था, जीतने के लिए 16 रन चाहिए थे। फिर मोहम्मद सिराज ने बल्ले से कमाल कर दिया।
दिन का आखिरी ओवर नुवंता ने डाला। सिराज ने पहली गेंद पर अपना पैर हटाकर काऊ कॉर्नर के ऊपर से शानदार छक्का मारा। दूसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ पर थी, सिराज ने इस पर भी छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर सिराज ने मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाया। इसी के साथ भारत वार्म-अप मैच को 6 विकेट से जीत गया।
मैच के बाद जब मोहम्मद सिराज श्रीलंका के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने पहुंचे, तब उन्होंने सिराज का बैट ले लिया और उसे मजाक में चेक करने लगे। वह भी हैरान थे कि आखिर सिराज के बैट में इतनी ताकत कहां से आई। वह एक प्रॉपर बल्लेबाज की तरह शॉट लगा रहे थे। सिराज ने 15 गेंदों में 32 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 4 छक्के और 1 चौका लगाया। इससे पहले दूसरे दिन के आखिरी ओवर में गुरनूर बरार ने भी इसी तरह की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी।
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से शुरू होगा, जो गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से सिंहली स्पोर्ट क्लब स्टेडियम में होगा। दोनों मैच भारतीय समयनुसार सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।