कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर जन जागरण रैली से सपा ने दिया सामाजिक न्याय का संदेश

आगरा। भारत रत्न, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती के अवसर पर जनपद में समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में भव्य जन जागरण वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Jan 25, 2026 - 13:31
 0
कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर जन जागरण रैली से सपा ने दिया सामाजिक न्याय का संदेश
कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर सपा द्वारा निकाली गई जन जागरण रैली में सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास एवं अन्य।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने अपने संबोधन में कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की एक सशक्त और जीवंत विचारधारा थे। उन्होंने पिछड़े, दलित, वंचित और शोषित समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया।

बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सादगी, ईमानदारी और सिद्धांतों की राजनीति को स्थापित किया। आज जब सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना पर प्रश्नचिह्न लगाए जा रहे हैं, ऐसे समय में कर्पूरी ठाकुर जी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।

जन जागरण वाहन रैली का आयोजन समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा की जिला अध्यक्ष श्रीमती सुलेखा श्रीवास्तव, सुनील चित्तोड़िया, राजीव सविता एवं नरेन्द्र सविता के नेतृत्व में सविता समाज द्वारा किया गया। रैली का शुभारंभ प्रातः 10 बजे त्रिदेव गेस्ट हाउस, सौ फुटा रोड, कालिंदी विहार, ट्रांस यमुना, आगरा से हुआ। रैली त्रिदेव गेस्ट हाउस से छलेसर, कुबेरपुर, इनर रिंग रोड, रमाडा, तोरा पुलिस चौकी, फतेहाबाद रोड होते हुए समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर पहुंची।

जिला कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश ममता टपलू, पवन प्रजापति, संतोष पाल, देवेंद्र यादव एवं पप्पू यादव ने सभी प्रतिभागियों का माल्यार्पण व पट्टे पहनाकर भव्य स्वागत किया।

पार्टी कार्यालय पर जयंती कार्यक्रम में सहभागिता के पश्चात रैली का समापन राजपुर चुंगी, सदर बाजार, आगरा स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।

समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा की जिला अध्यक्ष श्रीमती सुलेखा श्रीवास्तव ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने शिक्षा और सामाजिक समानता को मजबूत करने का कार्य किया। उनकी नीतियां आज भी पिछड़े और वंचित समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor