आईएमए की सांस्कृतिक संध्या में रंग, राग और रिश्तों की शानदार प्रस्तुतियां

आगरा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), आगरा शाखा द्वारा सूरसदन सभागार में आयोजित सांस्कृतिक संध्या डॉक्टरों के हुनर और सौंदर्य का अद्भुत संगम रही।  इस भव्य संध्या में 450 से अधिक डॉक्टरों ने सहभागिता की, जबकि 70 से अधिक ने रंगारंग प्रस्तुतियों से मंच पर समां बांधा।

Jul 2, 2025 - 11:11
 0
आईएमए की सांस्कृतिक संध्या में रंग, राग और रिश्तों की शानदार प्रस्तुतियां
आईएमए आगरा की सांस्कृतिक संध्या की एक झलक। दूसरी तस्वीर उद्घाटन के मौके की है।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. योगेश दीक्षित, डॉ. आर एन द्विवेदी और डॉ. प्रीतुल सक्सेना द्वारा प्रस्तुत सिंफनी ऑफ भजन्स से हुई। इसके बाद डॉ. राजीव पचौरी व डॉ. दीपा पचौरी ने दिवंगत चिकित्सकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसने सभागार को भावविभोर कर दिया।

डॉ. सुरेन्द्र पाठक और डॉ. योगेश सिंघल के ‘छिछोरे ग्रुप’ ने हास्य और शिक्षाप्रद नाटक से दर्शकों को हँसी और सोच दोनों का रस दिया।

विभिन्न डॉक्टर्स एसोसिएशनों द्वारा प्रस्तुत नृत्य नाटिकाओं ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। अर्जुन नगर एसोसिएशन ने शास्त्रीय कथक, शाहगंज एसोसिएशन ने उत्साही फ्यूजन डांस, ताज एसोसिएशन ने मोहक फ्लेमेंगो और कमला नगर डॊक्टर्स एसोसिएशन ने गिद्धा और भांगड़ा से रंग जमा दिया। इसके अतिरिक्त, एक कपल डांस मेडली में भारत और विश्व की विभिन्न नृत्य शैलियों का संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही रैम्प वॉक, जिसमें आईएमए कैबिनेट के सदस्यों ने शोस्टॉपर बनकर रौशनी बिखेरी।

इस संध्या को भव्य रूप देने में सांस्कृतिक सचिव डॉ. अमिता सिंह का योगदान विशेष रहा। उन्होंने कहा, डॉक्टरों ने पूरी ऊर्जा और एकता के साथ मंच को जीवंत बना दिया। संस्कृति ही वह धागा है जो हमें जोड़ता है।

आगरा की इस पहल ने स्पष्ट किया कि डॉक्टर सिर्फ इलाज के ही नहीं, संस्कृति के भी वाहक हैं। आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनूप दीक्षित और सचिव डॉ. राजनीश मिश्रा ने कहा, यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, हमारी साझा संस्कृति का उत्सव था।

SP_Singh AURGURU Editor