शादी के बाद टूटा भरोसा, पति की नपुंसकता छिपाई, जेठ पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, ससुराल पक्ष पर मुकदमा

आगरा। खुशहाल वैवाहिक जीवन के सपने लेकर ससुराल पहुंची एक नवविवाहिता की जिंदगी उस समय भयावह मोड़ पर आ गई, जब शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति नपुंसक है और यह सच्चाई उससे जानबूझकर छिपाई गई थी। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, जबकि हालात तब और भयावह हो गए जब उसके जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

Dec 20, 2025 - 11:42
 0
शादी के बाद टूटा भरोसा, पति की नपुंसकता छिपाई, जेठ पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, ससुराल पक्ष पर मुकदमा
इमेज फोटो

आगरा। खुशहाल वैवाहिक जीवन के सपने लेकर ससुराल पहुंची एक नवविवाहिता की जिंदगी उस समय भयावह मोड़ पर आ गई, जब शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति नपुंसक है और यह सच्चाई उससे जानबूझकर छिपाई गई थी। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, जबकि हालात तब और भयावह हो गए जब उसके जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

पीड़िता के अनुसार उसका विवाह 10 मई 2024 को आगरा निवासी सचिन मित्तल से पूरे रीति-रिवाजों के साथ हुआ था। लेकिन प्रथम रात्रि में ही उसे पति की नपुंसकता की जानकारी हो गई। जब उसने इस पर सवाल उठाया तो सास रानी मित्तल ने इलाज कराने का आश्वासन देकर उसे चुप करा दिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पति सचिन मित्तल, सास रानी मित्तल, ससुर नरेश मित्तल और जेठ आशीष मित्तल इस सच्चाई से पहले से अवगत थे, फिर भी पीड़िता और उसके परिजनों से यह तथ्य छिपाकर शादी कराई गई। पीड़िता का कहना है कि यह विवाह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया था।

शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा उस पर संतान उत्पत्ति का दबाव बनाया जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि सास ने उसे जेठ आशीष मित्तल के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला, जिसे उसने सख्ती से इंकार कर दिया।

पीड़िता के मुताबिक 23 नवंबर 2025 की रात, जब उसका पति विदेश में था, उसी दौरान जेठ आशीष मित्तल जबरन उसके कमरे में घुस आया और अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया, जबकि सास ने घटना को दबाने का दबाव बनाया।

पीड़िता का कहना है कि पति के लौटने पर जब उसने पूरी आपबीती बताई तो उल्टा उसे ही धमकाया गया। आरोप है कि 29 नवंबर 2025 को पति, सास, ससुर और जेठ ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

मारपीट के बाद पीड़िता को घर से निकाल दिया गया। परिजनों की मदद से उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर इलाज कराया गया, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।