आगरा में अमेरिकी पर्यटक दंपति का पर्स उड़ाने वाले दो किशोर पर्यटन से दबोचे, 500 डॉलर बरामद, शेष रकम की तलाश जारी
आगरा। ताजमहल देखने आए अमेरिकी दंपति का पर्स चोरी करने के मामले में पर्यटन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो किशोरों को मथुरा से हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 500 अमेरिकी डॉलर बरामद किए हैं। पर्स में कुल 2750 अमेरिकी डॉलर थे, ऐसे में शेष 2250 डॉलर की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान करते हुए मथुरा रेलवे स्टेशन तक पहुंची और इसके बाद वहां छिपे दोनों किशोरों को पकड़ लिया।
अमेरिकी दंपति अपने मित्र गुयेन फुओन के साथ ताजमहल घूमने के लिए आगरा आए थे और होटल ट्राइडेंट में ठहरे हुए थे। 19 सितंबर को दंपति दवा लेने के लिए शांति मांगलिक हॉस्पिटल की फार्मेसी पर गए थे। दवा खरीदने के बाद भुगतान कर महिला पर्यटक ने अपना पर्स कंधे पर लटके बैग में रख लिया था।
पुलिस के अनुसार, फार्मेसी के पास ही मौजूद 11 और 12 वर्ष के दो किशोरों की नजर दंपति पर थी। दंपति के वहां से निकलने के बाद दोनों ने उनसे पैसे मांगने शुरू कर दिए। पर्यटकों ने उन्हें नजरअंदाज किया तो दोनों किशोरों ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर एक किशोर ने पर्यटक दंपति को बातचीत में उलझाया, जबकि दूसरे ने उसके कंधे पर लटके बैग से पर्स निकाल लिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों किशोरों को यह जानकारी थी कि पर्स बैग में रखने के बाद उसकी चेन बंद नहीं की गई थी। होटल पहुंचने पर दंपती को पर्स गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पर्यटन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पर्यटन थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस को पर्स चोरी करने वाले दोनों किशोरों के बारे में सुराग मिला। सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस आरोपियों की गतिविधियों का पीछा करते हुए मथुरा रेलवे स्टेशन तक पहुंची और फिर उनकी तलाश करते हुए मथुरा में छिपे दोनों किशोरों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 500 अमेरिकी डॉलर बरामद किए हैं। शिकायत के अनुसार, चोरी हुए पर्स में 2750 अमेरिकी डॉलर थे। ऐसे में 2250 डॉलर अभी बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस शेष रकम के साथ ही मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।