अपूर्वा मखीजा से झगड़कर अब पछता रहीं उर्फी जावेद
'द ट्रेटर्स' की विनर उर्फी जावेद का कहना है कि उन्हें शो में अपूर्वा मखीजा संग हुए झगड़े पर पछतावा है। हालांकि, उर्फी ने यह भी माना कि वह अपूर्वा के साथ कभी दोस्ती नहीं कर सकतीं।
मुंबई। उर्फी जावेद और निकिता लूथर रियलिटी वेब सीरीज 'द ट्रेटर्स' की विनर बन चुकी हैं। दोनों को सम्मिलित रूप से 70 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली है। शो जीतने के फौरन बाद उर्फी ने खुलासा किया कि उन्हें ऑनलाइन धमकियां दी जा रही है। उन्होंने इस बाबत स्क्रीनशॉट्स भी शेयर किए, जिसमें कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें गंदी गालियां दीं, यहां तक की रेप और जान से मारने तक की धमकी दी। इस यूजर्स का कहना है कि उर्फी की जगह अपूर्वा मखीजा और पूरव झा को शो का विनर बनना चाहिए। अब उर्फी ने ट्रोलिंग, आलोचना और शो में अपने व्यवहार पर चुप्पी तोड़ी है।
दरअसल, उर्फी जावेद की आलोचना करते हुए कई यूजर्स ने कहा कि उन्होंने अपूर्वा मखीजा की पीठ में छुरा घोंपा। अब उर्फी ने माना कि वह इस स्थिति को और बेहतर तरीके से संभाल सकती थीं। उनसे चूक हुई है।
उर्फी ने शो में अपनी लड़ाई के बारे में बात करते हुए कहा, 'आमतौर पर रियलिटी शोज में झगड़े होते रहते हैं। मैं उन पर ध्यान नहीं दे सकती। मैं किसी से नफरत नहीं करती, किसी के प्रति कोई बुरी भावना नहीं रखती। ये सभी अभी बच्चे हैं और उन्होंने जो भी कहा है, दो साल बाद वह खुद इस पर हंसेंगे। मैंने भी ऐसा किया है। मैं भी बहुत इम्पलसिव नेचर की हूं।'
एक्ट्रेस और अपने अलहदा फैशन के लिए मशहूर उर्फी जावेद ने आगे बताया कि शो में जब अपूर्वा मखीजा ने उनसे बुरी तरह बात की, तो वह भड़क गई थीं। उन्होंने कहा, 'अपूर्वा के साथ मेरा झगड़ा सम्मान को लेकर हुआ था। यह मेरे अंदर एक असुरक्षा की भावना के कारण हुआ। इतने साल से, मेरे साथ इतना दुर्व्यवहार और अपमान किया गया है कि अब यह मुझे असुरक्षित महसूस करवा रहा है। इस वजह से, मैं कई बार हदें पार कर जाती हूं और ऐसी बातें कह देती हूं जिन्हें मैं वापस नहीं ले सकती।'
उर्फी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा, 'मैं पूरी तरह से दोषी हूं। अपूर्वा के साथ झगड़े के दौरान मैं स्थिति को बेहतर तरीके से संभाल सकती थी। मुझे इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए थी। मैंने जरूरत से ज्यादा कह दिया। मुझे लगा कि उसने मुझसे इस तरह बात करने की हिम्मत कैसे की?'
'द ट्रेटर्स' की विनर उर्फी जाावेद से पूछा गया कि क्या उन्होंने शो में या उसके बाद अपूर्वा से रिश्ते सुधारने की कोशिश की? तो उन्होंने कहा, 'हम दो बहुत अलग लोग हैं, हमारी पर्सलैनिटी मेल नहीं खाते। इसलिए हम दोस्त नहीं रह सकते। मेरे मन में किसी के खिलाफ कुछ भी नहीं है, और मुझे उससे कोई नफरत नहीं है। मैंने सोशल मीडिया पर कुछ नहीं कहा, लेकिन उसने बहुत सी बातें कहीं। जब उसने कहा कि मैं एक घटिया इंसान हूं, तब मैं हर्ष को देख रही थी। मुझे बहुत दुख हुआ।'
उर्फी ने अपनी बात रखते हुए अंत में कहा, 'मुझे उस दौरान आश्चर्य हुआ कि कोई इतना गंदा कैसे हो सकता है। उसके पास युवाओं का एक बड़ा दर्शक वर्ग है, और सभी ने मुझे गाली देना शुरू कर दिया। मुझे उसकी वजह से बहुत सारे भद्दे मैसेज मिले हैं। मैं बहुत अजीब स्थिति में थी। लेकिन बाद में मुझे एहसास हुआ कि यह इसके लायक नहीं था, इसने उस समय मुझे बहुत प्रभावित किया। हालांकि, मुझे अपने इम्प्लसिव बिहेवियर पर काम करने की जरूरत है।'