अमेरिका - ईरान वार्ता रुकी,  ट्रंप की धमकी पर भड़का ईरान, वार्ता की मेज से हटा, अमेरिका ने कहा- बातचीत अभी भी जारी

ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान का प्रतिनिधिमंडल स्विटजरलैंड में चल रही बातचीत से उठकर चला गया है। डेलीगेशन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर हमले की ताजा धमकी के बाद यह कदम उठाया गया है।  

Jun 22, 2026 - 07:10
 0
अमेरिका - ईरान वार्ता रुकी,  ट्रंप की धमकी पर भड़का ईरान, वार्ता की मेज से हटा, अमेरिका ने कहा- बातचीत अभी भी जारी

बर्गेनस्टॉक। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर हमले की ताजा धमकी के बाद वॉशिंगटन और तेहरान के बीच स्विटजरलैंड के बर्गेनस्टॉक में चल रही बातचीत पर खतरे में पड़ गई है। ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि ट्रंप की धमकी के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल बातचीत की जगह से चला गया है। हालांकि, अमेरिका ने कहा है कि बातचीत अभी जारी है और ईरानी प्रतिनिधिमंडल बातचीत वाली जगह पर ही मौजूद है।

ईरान के सरकारी समाचार एजेंसी इरना का कहना है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के प्रतिनिधिमंडल ने मध्यस्थता करने वाले पक्षों में से एक, कतर के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करने के बाद उस इमारत को छोड़ दिया, जहां बातचीत हो रही थी। एजेंसी ने आगे बताया कि जिस समय स्विटजरलैंड में बातचीत शुरू हुई, उसी समय डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर एक संदेश में ईरान के खिलाफ अपनी धमकियों और बयानों को दोहराया।  

ईरान की तस्नीम न्यूज ने भी बताया कि प्रतिनिधिमंडल अभी तक बातचीत की मेज पर नहीं लौटा है। वहीं, अमेरिका के एक सीनियर राजनयिक का कहना है कि ईरान का प्रतिनिधिमंडल बातचीत वाली जगह पर ही मौजूद है। बातचीत में शामिल अमेरिकी राजनयिक का कहना है कि बातचीत चल रही है औऱ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के रात भर काम जारी रखने की उम्मीद है।

इजरायली आउटलेट टाइम्स ऑफ इजरायल ने अमेरिकी राजनयिक के हवाले से बताया कि बातचीत इस बात पर केंद्रित रही है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान की तरफ से आ रहे भ्रम पैदा करने वाले संदेशों को साफ किया जाए। ऐसे तरीके बनाए जाएं जिनसे पक्का हो सके कि जलडमरूमध्य पूरी तरह खुला रहेगा।

ईरान की सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि लेबनान में इजरायल की कार्रवाई के जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है। अमेरिका का कहना है कि यह अहम समुद्री जलमार्ग खुला हुआ है। राजनयिक ने बताया कि बातचीत में लेबनान से जुड़े मुद्दे चर्चा में मुख्य हैं। हालांकि, इस बातचीत में न तो इजरायल, न लेबनान और न ही ईरान समर्थित हिजबुल्लाह समूह शामिल है।

वहीं, ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज ने बातचीत में शामिल टीम के करीबी सूत्र के हवाले से बताया कि अगर लेबनान में इजरायल के अपराध जारी रहते हैं और लेबनान की क्षेत्रीय अखंडता की गारंटी नहीं दी जाती है तो दूसरे मुद्दों पर कोई बातचीत नहीं होगी। सूत्र ने आगे कहा कि इस्लामाबाद MoU की धारा 13 में साफ कहा गया है कि अगर अमेरिका धारा 1 तहत अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने में नाकाम रहता है कि धारा 5 भी नहीं लागू होगी। इसका मतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से नहीं खोला जाएगा।