नेशनल मिक्स्ड टारगेटबॉल में उत्तर प्रदेश उपविजेता, महिला टीम को तीसरा स्थान

दिनेशपुर (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के दिनेशपुर में आयोजित 12वीं सीनियर राष्ट्रीय टारगेटबॉल प्रतियोगिता एवं 4वीं मिश्रित राष्ट्रीय टारगेटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की मिश्रित टीम उपविजेता रही, जबकि महिला टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इस प्रतियोगिता में यूपी की दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और तमिलनाडु जैसी मजबूत टीमों को टक्कर दी।

Jun 25, 2025 - 22:09
 0
नेशनल मिक्स्ड टारगेटबॉल में उत्तर प्रदेश उपविजेता, महिला टीम को तीसरा स्थान
12वीं सीनियर राष्ट्रीय टारगेटबॉल प्रतियोगिता में उप विजेता रही यूपी की टीम।  

अंतिम 10 सेकंड ने छीनी जीत

कप्तान खुशी राजपूत के नेतृत्व में यूपी की मिक्स्ड टीम ने ग्रुप स्टेज से लेकर फाइनल तक शानदार खेल दिखाया। हर मैच में टीम का दबदबा बना रहा। फाइनल मुकाबला लगातार विजेता रही तमिलनाडु टीम से हुआ, जिसमें आखिरी 10 सेकंड तक यूपी की टीम 15-14 से आगे थी। लेकिन अंतिम क्षणों में तमिलनाडु की खिलाड़ी ने दो अंक लेकर स्कोर 15-17 कर दिया और उत्साह से भरे रोमांचक मैच में यूपी उपविजेता बनकर रह गई।

टीम के खिलाड़ी मोहित, प्रिया, रिहान, प्रशांत, दीक्षा, भूमि, मयंक ने बेहतरीन खेल दिखाया। खासतौर पर कप्तान खुशी राजपूत को बेस्ट शूटर का खिताब भी मिला।

महिला टीम का दमदार प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने भी सराहनीय खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में तमिलनाडु टीम से 10-11 के करीबी अंतर से हार झेलनी पड़ी और टीम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

महिला टीम की कप्तान दीक्षा सिंह के नेतृत्व में प्रिया, भावना, खुशी, संजना, संध्या, नेहा, रिंकू, भावना पाराशर व भूमि ने बेहतरीन योगदान दिया।

कोच और मैनेजमेंट की सराहना

दोनों ही टीमों के कोच एम.डी. अहमद खान और तरुण चतुर्वेदी, व टीम मैनेजर जीनल अली ने रणनीतिक सहयोग देकर खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

बधाई और शुभकामनाओं का तांता

मिश्रित टीम को उपविजेता तथा महिला टीम को द्वितीय उपविजेता बनने पर भारतीय टारगेटबॉल संघ के महासचिव डॉ सोनू शर्मा, यूपी टार्गेट बॉल संघ के अध्यक्ष राजीव सोई,महासचिव दिलीप शर्मा, सयुक्त सचिव प्रतीक मौर्य,अमिताभ गौतम, डी एस ओ संजय शर्मा, के पी सिंह,संजय नेहरू,रिनेश मित्तल,राजेश कुलश्रेष्ठ, राजेश कुशवाह,राहुल, धर्मेंद्र बघेल,भुवन भूषण शर्मा,हरदीप सिंह हीरा,धीरज मदान,अजय सिंह राजपूत, जवाली सिंह,तेज सिंह, गब्बर सिंग, बहादुर शर्मा, आदि ने टीम को शुभकामनाएं ओर बधाई दी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor