मानविकी में चमकी वार्या: हिंदी में कभी कमजोर थीं, अब बनीं जिले की टॉपर, बनना चाहती हैं साइकोलॉजिस्ट
आगरा। कभी हिंदी में कमजोर मानी जाने वाली छात्रा आज जिले की मानविकी वर्ग की टॉपर बन गई। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, आगरा की कक्षा 12 की छात्रा वार्या मल्होत्रा ने 98.8% अंक प्राप्त कर पूरे जिले में मानविकी वर्ग (Humanities) में पहला स्थान हासिल किया है।
-जीडी गोयंका की छात्रा वार्या मल्होत्रा ने 98.8% अंक लाकर CBSE 12वीं में मानविकी वर्ग में जिले में पहला स्थान प्राप्त किया
वार्या के लिए यह क्षण भावुक था। उन्होंने कहा, जब रिजल्ट आया, तो यकीन ही नहीं हुआ कि मैंने इतने अच्छे अंक हासिल किए हैं। मेरी मम्मी, प्रिंसिपल सर और सभी शिक्षकों ने मुझ पर जो विश्वास किया, वही मेरी ताकत बना।
वार्या मूल रूप से अमेरिका से भारत आई थीं और सातवीं कक्षा में जीडी गोयनका स्कूल में दाखिला लिया। हिंदी भाषा उनके लिए चुनौती थी, लेकिन स्कूल के प्रयासों और उनके समर्पण से वे इस बाधा को पार कर गईं। आज वही वार्या, हिंदी में कई जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं जीत चुकी हैं।
पढ़ाई के तरीके पर बात करते हुए वार्या ने बताया, मैंने सिर्फ एक ही किताब को बार-बार गहराई से पढ़ा। फोकस और शिक्षकों की बातों पर ध्यान ही मेरी सफलता की कुंजी रही।
अपने भविष्य की योजना बताते हुए उन्होंने कहा, मैं साइकोलॉजिस्ट बनना चाहती हूं। पापा के निधन के समय मुझे बहुत मानसिक संघर्ष से गुजरना पड़ा। उस समय मेरे स्कूल काउंसलर और शिक्षकों ने मेरी मदद की। उसी अनुभव ने मुझे यह राह चुनने को प्रेरित किया।
वार्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, स्कूल के प्रिंसिपल और सभी शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि यह सफर केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और मानसिक मजबूती का परिणाम है।