जिन्होंने लोकसभा नहीं जाने दिया, उन्हें विधानसभा का मुंह नहीं देखने दूंगा

बरेली। आंवला लोकसभा से दो बार भाजपा सांसद रह चुके धर्मेंद्र कश्यप ने एक बार फिर अपने तल्ख तेवर दिखाए हैं। महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर बरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खुलकर अपनी ही पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा और 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली हार का पूरा ठीकरा पार्टी के "भीतरघातियों" पर फोड़ा।

Apr 12, 2025 - 21:06
 0
जिन्होंने लोकसभा नहीं जाने दिया, उन्हें विधानसभा का मुंह नहीं देखने दूंगा
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप।

-भाजपा के पूर्व धर्मेंद्र कश्यप के बगावती तेवर, अपने समाज से एकजुट होने का आह्वान

पूर्व सांसद ने मंच से कहा, “जिन लोगों ने मुझे लोकसभा जाने से रोका, हम उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में विधान सभा का मुंह नहीं देखने देंगे। हम भी अब उनकी ईंट से ईंट बजा देंगे। हमने चुप्पी साध रखी थी, पर अब एक-एक से हिसाब लिया जाएगा।”

कश्यप समाज को एकजुट होने का आह्वान

धर्मेंद्र कश्यप ने अपने समाज से भी आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा, “कश्यप समाज अपनी राजनीतिक शक्ति को पहचाने। जब तक समाज अपनी ताकत नहीं पहचानेगा, तब तक नुकसान होता रहेगा। जैसे मुझे भुगतना पड़ा है।”

उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर कुछ लोगों ने षड्यंत्र करके उन्हें हरवाया। “अब चिंता भाजपा नेताओं को करनी चाहिए, हमें नहीं। हम सबक लेना जानते हैं और समय आने पर जवाब देना भी।”

फेसबुक पोस्ट में भी दिखा गुस्सा

धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर भी अपने गुस्से को खुलकर जाहिर किया। उनकी फेसबुक पोस्टें इशारों में उन लोगों पर हमला करती हैं जो उन्हें हराने के पीछे थे। उनकी कुछ सोशल मीडिया पोस्ट-

“जिन सांपों को गुरुर है अपने ज़हर पर, मैं उन्हें बता दूं कि मैं उनका इलाज करना जानता हूं।”

“छल का हल छल होगा, आज नहीं तो कल होगा।”

“शेर कभी गीदड़ का शिकार नहीं करते, बुज़दिल कभी खुलकर बात नहीं करते।”

राजनीतिक पृष्ठभूमि

धर्मेंद्र कश्यप रुहेलखंड के कश्यप समाज के बड़े नेता माने जाते हैं। वह एक बार बसपा और एक बार सपा से विधायक रह चुके हैं, वहीं भाजपा से दो बार सांसद रहे। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जिसका दर्द अब जाकर खुलकर बाहर आया है।

SP_Singh AURGURU Editor