एमजी रोड पर लहराया देशभक्ति का सैलाब, भाजपा की तिरंगा यात्रा में समाज का हर वर्ग हुआ शामिल
आगरा। बुधवार शाम आगरा का एमजी रोड देशभक्ति के रंग में पूरी तरह रंग गया। भाजपा के आह्वान पर आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा में शहर के प्रत्येक वर्ग, बुज़ुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चों ने पूरे जोश और गर्व के साथ भाग लिया। यह यात्रा न केवल भारतीय सैनिकों के अदम्य शौर्य को नमन करने का माध्यम बनी, बल्कि ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के प्रति जनआस्था और गर्व का प्रदर्शन भी थी।
-ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर वीर सैनिकों को दी गई श्रद्धांजलि, भारत माता के जयघोष से गूंजा आगरा
शाम चार बजे से ही एमजी रोड पर लोग जुटने लगे थे। संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर यह यात्रा भारत माता की प्रतिमा (दीवानी चौराहा) तक पहुंची। हर हाथ में तिरंगा, हर चेहरे पर गर्व और हर गली में 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के जयघोष गूंज रहे थे। यह दृश्य अपने आप में भारतीयता और राष्ट्रप्रेम का जीवंत प्रमाण था।
राष्ट्रभक्ति के साथ आतंकवाद के विरुद्ध एकजुटता का संदेश
तिरंगा यात्रा के माध्यम से समाज ने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों की बर्बर हत्या के विरुद्ध आक्रोश और भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान समर्थित आतंकियों पर की गई निर्णायक कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर के प्रति आभार प्रकट किया। इस आयोजन में महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में एनजीओ, स्कूल/कॉलेजों के संचालक, प्रबुद्ध वर्ग, व्यापार मंडल, डॉक्टर्स एसोसिएशन, आईएमए, महिला संगठन और सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री ने किया वीरता को सलाम
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने अपने संबोधन में कहा, नया भारत अब आतंकवाद को घर में घुसकर जवाब देता है। ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल पाकिस्तान में आतंकी अड्डों को तबाह किया, बल्कि वैश्विक मंच पर यह भी स्पष्ट कर दिया कि भारत अब किसी भी राष्ट्रविरोधी कृत्य को सहन नहीं करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अटूट इच्छाशक्ति और सेना के पराक्रम को देश की शान बताया।
भाजपा ने सेना की वीरता को बताया गौरव का विषय
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा, पाकिस्तान ने आतंकवाद को प्रायोजित कर भारत की शांति को भंग करने का प्रयास किया, लेकिन हमारी सेना ने उसे मिट्टी में मिला दिया। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद की जड़ें हिला दी हैं।
जनप्रतिनिधि, डॉक्टर, व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता हुए शामिल
इस विशाल तिरंगा यात्रा में शहर की प्रतिष्ठित हस्तियों और आम नागरिकों ने कंधे से कंधा मिलाकर भाग लिया। यात्रा में भाग लेने वालों में स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, यात्रा संयोजक हेमंत भोजवानी, सह संयोजक शैलू पंडित, कैप्टन महेश चाहर, हाकिम सिंह, प्रताप चाहर, वीरपाल, शिव कुमार जुरैल, सीए दीपिका मित्तल, डॉक्टर पंकज नगायच, डॉ. योगेश सिंघल, डॉ. पंकज भाटिया, डॉ. राकेश त्यागी, डॉ. वाईबी अग्रवाल, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. डीवी शर्मा, राखी जैन, डॉ. एके गोयल आदि प्रमुख थे।
उपरोक्त के अलावा विक्रांत शास्त्री, टीएन अग्रवाल, अशोक पिपल, हेमेंद्र शर्मा, राहुल सागर, महेश शर्मा, मुनेंद्र जादौन, नीरज गुप्ता, वीरेंद्र श्रीवास्तव, गौरव राजावत, नितेश शिवहरे, सुधीर राठौर, नवीन गौतम, सुनील करमचंदानी, विकास भारद्वाज, संजय अरोरा, सोनू कक्कड़, चन्द्र वीर सिंह, नितेश अग्रवाल, मनोज राजोरा, अभिषेक गुप्ता, गौरव अग्रवाल, नितिन शर्मा, मनमोहन कुशवाह, करुणा निधि गर्ग, उपमा गुप्ता, चारु शर्मा, निधि शर्मा, कुमकुम उपाध्याय, भावना शर्मा, वंदना परिहार आदि भी तिरंगा यात्रा का हिस्सा रहे।