आगरा कॊलेज के केमिस्ट्री प्रोफेसर विपिन कुमार सिंह यूपी लोक सेवा आयोग के सदस्य नामित
आगरा। आगरा कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग के सीनियर प्रोफेसर विपिन कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग का सदस्य नामित किया गया है। प्रो. सिंह के रूप में चयन से महाविद्यालय परिवार में हर्ष, गर्व और उत्साह का वातावरण है।
प्रोफेसर विपिन कुमार सिंह के चयन पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके दीर्घकालिक शैक्षणिक अनुभव, अकादमिक उत्कृष्टता, शोध कार्यों तथा प्रशासनिक दक्षता का स्वाभाविक परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रोफेसर सिंह लोक सेवा आयोग जैसे संवैधानिक दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करेंगे तथा प्रदेश की चयन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाएँगे।

प्रो.विपिन कुमार सिंह का आगरा कॊलेज स्टाफ की ओर से स्वागत किया गया। चित्र में प्रो. सिंह के साथ प्रिंसिपल प्रो. सीके गौतम भी हैं।
महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे आगरा कॉलेज के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। शिक्षकों ने कहा कि प्रोफेसर विपिन कुमार सिंह का चयन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा और उच्च शिक्षा जगत में सकारात्मक संदेश जाएगा।
बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से प्रोफेसर पी. बी. झा, प्रोफेसर भूपाल सिंह, प्रोफेसर शशिकांत पांडेय, प्रोफेसर भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रोफेसर गौरव कौशिक, प्रोफेसर आनंद प्रताप सिंह, प्रोफेसर विक्रम सिंह, प्रोफेसर उमेश कुमार, प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर वी. के. सिंह तथा प्रोफेसर दिग्विजय पाल सिंह शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में आशा व्यक्त की कि प्रोफेसर सिंह अपने अनुभव और दृष्टि से प्रदेश की लोक सेवा प्रणाली को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेंगे।