अमेरिका से टैरिफ वार के बीच भारत को मिला दोस्त ऑस्ट्रेलिया का साथ
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ मजबूत और विश्वसनीय साझेदारी के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। भारत-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों के रणनीतिक दृष्टिकोण और साझा उद्देश्यों की बात वोंग ने की है।
कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने भारत के साथ बेहतर संबंधों पर जोर दिया है। वोंग ने क्वाड ढांचे के भीतर साझा रणनीतिक उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच गहरी होती साझेदारी पर जोर दिया। वोंग ने कहा कि क्वाड के सदस्य- भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका अपने अलग दृष्टिकोण के साथ भारत हिंद महासागर क्षेत्र में महत्वपूर्ण अंतर्दृष्टि देते हैं। खासतौर से भारत का हिंद महासागर पर एक नजरिया है। वोंग ने भारत से दोस्ती की यह बात ऐसे समय कही है, जब अमेरिका के टैरिफ लगाने के फैसले के चलते दिल्ली और वॉशिंगटन के रिश्ते तनावपूर्ण हैं।
वोंग ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ अपनी बातचीत का हवाला देते हुए दिल्ली के साथ अच्छे संबंधों पर जोर दिया। भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव पर वोंग ने कहा कि बातचीत को जरिए चीजों को हल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन को भारत के साथ संबंधों को बेहतर बनाने के लिए संवाद को प्रोत्साहित करन चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने आर्थिक मोर्चों पर टैरिफ को लेकर ऑस्ट्रेलिया के विरोध को व्यक्त किया। उन्होंने विकास को गति देने के लिए खुलेपन की वकालत की। उन्होंने कहा कि दुनिया में खुलेपन के जरिए ज्यादा तेजी से तरक्की का रास्ता खुल सकता है। किसी एकतरफा फैसले या सख्ती की बजाय खुलेपन से चीजें किया जाना ज्यादा बेहतर होगा।
पेनी वोंग ने कहा कि दोस्त के तौर पर भारत के साथ हम बहुत कुछ साझा करते हैं। हम संवाद को प्रोत्साहित करते हैं और क्वाड के समर्थक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिडनी यात्रा का जिक्र करते हुए अपने देश में भारतीय प्रवासियों के योगदान पर बात की। वोंग ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को सराहा।