बीसीसीआई का ताजा बयान,   एशिया कप की दोनों ट्रॉफी आएंगी भारत,   पाकिस्तान को लग सकती है मिर्ची

पुरुष और महिला, दोनों एशिया कप का मौजूदा चैंपियन भारत है। हालांकि, दोनों ही मौकों पर चैंपियन बनने के बाद भारत ने ट्रॉफी नहीं ली, क्योंकि वो मोहसिन नकवी के हाथों से लेनी पड़ती।

Sep 18, 2026 - 21:31
 0
बीसीसीआई का ताजा बयान,   एशिया कप की दोनों ट्रॉफी आएंगी भारत,   पाकिस्तान को लग सकती है मिर्ची

नई दिल्ली।  भारत ने भले ही पुरुष और महिला दोनों एशिया कप जीते, लेकिन ट्रॉफी बीसीसीआई के पास नहीं है। दरअसल, भारत ने दोनों ही बार चैंपियन बनने के बाद ट्रॉफी नहीं ली, क्योंकि वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ और गृह मंत्री मोहसिन नकवी से लेनी पड़ती। अब इस मामले पर बीसीसीआई की तरफ से ताजा बयान आया है।

 
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय पुरुष और महिला टीमों द्वारा जीती गई एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन बीसीसीआई मुख्यालय पहुंचेंगी। हालांकि इसके लिए कोई समयसीमा नहीं बताई जा सकती। एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम और हाल में महिला टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नकवी पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं।

 
भारतीय पुरुष टीम ने पिछले साल दुबई में पाकिस्तान को फाइनल में हराकर एशिया कप टी20 का खिताब जीता था,  जबकि महिला टीम ने इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। 
सैकिया ने बीसीसीआई की 95वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद संवाददाताओं से कहा, “एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन यहां आ जाएंगी।  मैं कोई समयसीमा नहीं बताऊंगा, लेकिन मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई कार्यालय में जरूर पहुंचेंगी।”

सैकिया ने यह भी कहा कि बोर्ड को भरोसा है कि भारतीय महिला टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतेगी। भारतीय टीम ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में जापान को हराया है। उन्होंने कहा, “हमने पिछले हफ्ते दुबई में शानदार जीत दर्ज करने वाली अपनी महिला टीम को बधाई दी। उन्होंने जापान के खिलाफ पहला मुकाबला भी शानदार तरीके से जीता है और हमें उम्मीद है कि वे इस महीने की 22 तारीख को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतेंगी।”