भाजपा जिलाध्यक्ष चुनावः प्रस्तावक हों या न हों, सभी नामांकन स्वीकार होंगे -
आगरा। औरगुरु ने अपनी खबर में जो संकेत दिया था, वह सच साबित हो गया। भाजपा के जिलाध्यक्ष के चुनाव में नामांकन के साथ चार प्रस्तावकों की अनिवार्यता नामांकन खारिज करने की वजह नहीं बनेगी। बगैर प्रस्तावकों वाले नामांकन भी स्वीकार किए जाएंगे। इसके साथ ही महानगर भाजपा अध्यक्ष पद के नामांकन कल (नौ जनवरी) से जबकि जिला भाजपा के नोमिनेशन दस जनवरी को भाजपा के बृज क्षेत्र कार्यालय पर स्वीकार किए जाएंगे।

-महानगर भाजपा अध्यक्ष के लिए कल और जिलाध्यक्ष पद के लिए परसों स्वीकार किए जाएंगे नॊमिनेशन
-नामांकन के साथ नाम वापसी का फॊर्म भी भरवा लिए जाएंगे सभी दावेदारों से, ताकि बाद में दिक्कत न आए
जिलाध्यक्ष पद के नामांकन के साथ चार प्रस्तावकों की अनिवार्यता यह सोचकर की गई थी कि इससे जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों की भीड़ छंट जाएगी, लेकिन इससे प्रदेश भर में जो माहौल पैदा हो गया, उसे देखते हुए प्रदेश भाजपा नेतृत्व को अपने फैसले पर पुनर्विचार कर नई व्यवस्था देनी पड़ी। जिले के चुनाव अधिकारियों से कह दिया गया है कि सभी के नामांकन स्वीकार किए जाएं। भले ही किसी के साथ कोई मंडल अध्यक्ष या जिला प्रतनिधि प्रस्ताव नहीं हो।
नामांकन पत्रों के साथ चार प्रस्तावकों की अनिवार्यता से निर्वाचित घोषित किए जा चुके मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधियों की घेरेबंदी ठीक उसी तरह से होने लगी थी जैसी कि जिला पंचायत अध्यक्ष और बलॊक प्रमुख के चुनाव में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों की होती है। मंडल अध्यक्ष और जिला प्रतिनिधि ही जिलाध्यक्ष पद के चुनाव में वोटर होते हैं, इसीलिए दावेदार येन-केन-प्रकारेण इन्हें अपने पाले में खड़ा करने में जुट गए थे।
इसकी सूचना प्रदेश भाजपा में पहुंची तो प्रदेश नेतृत्व चौकन्ना हो गया था। माना जा रहा था कि प्रदेश स्तर से चार प्रस्तावकों की अनिवार्यता के बारे में कुछ नया निर्णय लिया जाएगा। इसका संकेत औरगुरु ने ढाई घंटे पहले प्रकाशित अपनी खबर में भी दिया था। प्रदेश भर में जिला चुनाव अधिकारियों को संदेश भेजा जा चुका है कि सभी के नामांकन स्वीकार किए जाएं। जो चार प्रस्तावकों के नाम दें, वे भी और जो नहीं दें, वह भी स्वीकार होंगे।
आगरा महानगर और जिला भाजपा के जिलाध्यक्ष पद के नामांकन की तिथि भी घोषित कर दी गई है। महानगर भाजपा के अध्यक्ष के लिए नौ जनवरी को सुबह दस बजे से बृज क्षेत्र कार्यालय पर नामांकन लिए जाएंगे जबकि आगरा जिला में अध्यक्ष पद के नामांकन दस जनवरी को यहीं पर स्वीकार किए जाएंगे।
आगरा महानगर और आगरा जिला के अध्यक्ष पदों के लिए जो भी नामांकन दाखिल होंगे, उन सभी से साथ के साथ नाम वापसी के फॊर्म भी भरवा लिए जाएंगे। भाजपा ने यह रास्ता चुनाव से बचने के लिए निकाला हुआ है। नाम वापसी के फॊर्म साथ-साथ लेने से पार्टी के समक्ष कोई भी दावेदार चुनाव के हालात नहीं पैदा कर पाएगा। दाखिल नामांकनों में से ही किसी एक को जिलाध्यक्ष पद सौंपा जाएगा।