दान की ज़मीन के दाखिल-खारिज में भी रिश्वतः  बरेली में चकबंदी पेशकार रंगे हाथ गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। चकबंदी विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने फरीदपुर चकबंदी अधिकारी कार्यालय में तैनात पेशकार को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने यह रकम दान में मिली जमीन के दाखिल-खारिज के एवज में मांगी थी।

Nov 6, 2025 - 19:10
 0
दान की ज़मीन के दाखिल-खारिज में भी रिश्वतः  बरेली में चकबंदी पेशकार रंगे हाथ गिरफ्तार
गिरफ्तार चकबंदी पेशकार रजत चौधरी।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने गुरुवार को यह कार्रवाई की। टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रजत चौधरी, निवासी ग्राम रूपपुर टंडोला, थाना ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद है। वह वर्तमान में कनिष्ठ सहायक (पेशकार) के पद पर फरीदपुर चकबंदी कार्यालय में कार्यरत था।

शिकायतकर्ता मोहम्मद आदिल निवासी ग्राम पदारथपुर, थाना फरीदपुर ने एंटी करप्शन संगठन को शिकायत दी थी कि रजत चौधरी उनसे दान में मिली जमीन के दाखिल-खारिज के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद निरीक्षक प्रवीण सान्याल की अगुवाई में एक विशेष ट्रैप टीम गठित की गई।

योजना के तहत गुरुवार को ट्रैप टीम ने फरीदपुर चकबंदी कार्यालय में छापा मारा और आरोपी पेशकार रजत चौधरी को कार्यालय के अंदर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की रकम बरामद की गई और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।

टीम प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor