मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वीकार किया आगरा श्रीरामलीला महोत्सव का आमंत्रण

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में आयोजित होने वाले उत्तर भारत के प्रमुख एवं ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव-2025 में आने का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री ने यह सहमति लखनऊ में आज उस समय दी, जब श्रीरामलीला महोत्सव का निमंत्रण पत्र और पुस्तक ‘रामाजंलि’ उन्हें भेंट की गई।

Aug 28, 2025 - 22:13
 0
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वीकार किया आगरा श्रीरामलीला महोत्सव का आमंत्रण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगरा के श्रीरामलीला महोत्सव का आमंत्रण देते उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक एवं श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह।

आमंत्रण देने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न केवल आमंत्रण स्वीकार किया, बल्कि आगरा में होने वाले इस धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव में आने के लिए अपनी सहमति भी प्रदान कर दी। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलीला महोत्सव में किस मौके पर आएंगे।

मुख्यमंत्री ने 'रामांजलि' पुस्तक में प्रकाशित अपने संदेश को भी गौर से पढ़ा। मुख्यमंत्री ने आगरा के श्रीरामलीला महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि आगरा में यह महोत्सव सभी वर्गों के लोगों को जोड़ता है। इसके लिए उन्होंने रामलीला कमेटी को भी सराहा।  

श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगरा आगमन महोत्सव की भव्यता और गरिमा को कई गुना बढ़ा देगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे देशभर में आगरा की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री के आमंत्रण स्वीकार कर लेन की खबर से श्रीरामलीला कमेटी और श्री जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

SP_Singh AURGURU Editor