विकेशन बाइबल स्कूल में बच्चों ने सीखे धर्म और नैतिकता के पाठ, गीज़मो बना बच्चों का सुपर हीरो
आगरा। सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विकेशन बाइबल स्कूल का समापन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और मन में आध्यात्मिक ज्ञान के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया और बाइबल की शिक्षाओं के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा पाई।
-सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च में तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का संचालन प्रीस्ट इंचार्ज रेवरेन पंकज आई सिंह के नेतृत्व में किया गया। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण रहा सुपर बुक यू-ट्यूब शो के लोकप्रिय किरदार ‘गीज़मो’, जिसने बच्चों के साथ संवाद किया और फोटो सेशन में भाग लेकर बच्चों के लिए यादगार क्षण बनाए।
धर्म और नैतिक मूल्यों की मिली प्रेरणा
सीनियर संडे स्कूल टीचर जोस्पिन जोएल ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य न केवल बाइबल की शिक्षा देना है, बल्कि बच्चों में सामाजिक ज़िम्मेदारी और नैतिकता के बीज भी बोना है। इस शिविर में बच्चों को बाइबल की कहानियों, शिक्षाओं और जीवन मूल्यों को रोचक गतिविधियों के माध्यम से सिखाया गया।
कार्यक्रम के अंत में रेवरेन अर्पण जेकब ने प्रार्थना कर बच्चों को आशीर्वाद दिया और उन्हें बाइबल के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
नाटक, गीत और नृत्य से सजी शिक्षाप्रद प्रस्तुतियां
तीन दिवसीय शिविर में बच्चों ने बाइबल आधारित नाटकों, गीतों और नृत्य के माध्यम से न केवल मनोरंजन किया, बल्कि आत्मिक विकास के साथ अपनी प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया। बच्चों ने टीम भावना, सेवा, ईमानदारी और अनुशासन जैसे विषयों पर आधारित शिक्षाप्रद कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मृदुला सिंह, हरेंद्र सिंह, वंदना चौहान, प्रियंका मेसी, मोनिका मेसी, रिया मेसी, प्रिया पॉल, हनी पास्टर और जोएल समेत सभी शिक्षिकाओं ने अहम भूमिका निभाई।