घरेलू हिंसा से तंग आकर सेलिना जेटली आस्ट्रिया से भारत लौटीं, कोर्ट में केस कर पति से 50 करोड़ मुआवजा, दस लाख मासिक और बच्चों की कस्टडी मांगी

बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली ने अपने पति पीटर हाग पर घरेलू हिंसा, भावनात्मक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए मुंबई की अदालत में केस दायर किया है। ऑस्ट्रिया से वापस लौट चुकी सेलिना ने 50 करोड़ रुपये मुआवजा, 10 लाख रुपये मासिक भरण-पोषण और बच्चों की कस्टडी की मांग की है, जिसके बाद कोर्ट ने पीटर हाग को समन जारी किया है।

Nov 25, 2025 - 22:39
 0
घरेलू हिंसा से तंग आकर सेलिना जेटली आस्ट्रिया से भारत लौटीं, कोर्ट में केस कर पति से 50 करोड़ मुआवजा, दस लाख मासिक और बच्चों की कस्टडी मांगी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली एक बार फिर सुर्खियों में हैं, और इस बार वजह बेहद गंभीर है। सेलिना ने पति पीटर हाग पर मानसिक, शारीरिक और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुंबई की अदालत का दरवाज़ा खटखटाया है। अभिनेत्री ने दावा किया है कि पीटर हाग न तो उनके प्रति और न ही बच्चों के प्रति किसी प्रकार की संवेदना या सहानुभूति रखते हैं।

सेलिना कई वर्षों से अपने पति के साथ ऑस्ट्रिया में रह रही थीं, लेकिन लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न से त्रस्त होकर वह भारत लौट आईं। अदालत में दायर याचिका में उन्होंने 50 करोड़ रुपये का मुआवजा, 10 लाख रुपये मासिक मेंटेनेंस और तीनों बच्चों की कस्टडी की मांग की है। वर्तमान में उनके बच्चे पीटर हाग के साथ ऑस्ट्रिया में ही हैं।

अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीटर हाग को समन जारी किया है। इसके साथ ही सेलिना ने कोर्ट से अनुरोध किया है कि उनके पति को मुंबई स्थित उनके आवास में प्रवेश करने से रोका जाए।

सेलिना जेटली और पीटर हाग ने वर्ष 2010 में ऑस्ट्रिया में विवाह किया था। 2012 में सेलिना के यहां जुड़वां बेटों का जन्म हुआ था, जिनमें से एक बच्चे का जन्म के कुछ समय बाद निधन हो गया था। अभिनेत्री के पास वर्तमान में कोई बच्चा नहीं है और अपने तीनों बच्चों की कस्टडी उनकी सबसे बड़ी मांगों में से एक है।

सेलिना के इन आरोपों ने फिल्म इंडस्ट्री समेत उनके प्रशंसकों को भी चौंका दिया है, और अब सबकी नज़रें इस केस की आगे की कार्यवाही पर टिक गई हैं।

SP_Singh AURGURU Editor