फिल्म रामायण का फर्स्ट लुक रिलीज, योद्धा के रूप में दिखे रणबीर कपूर

मुंबई। रणबीर कपूर और सई पल्लवी की मोस्ट अवेटेड फिल्म रामायण का पहला लुक पोस्टर रिलीज हो गया है। हर तरफ इसकी चर्चा हो रही है। फर्स्ट लुक पोस्टर में रणबीर कपूर को राम अवतार में देखा जा सकता है। वो धनुष लिए योद्धा के रूप में दिख रहे हैं। बैकग्राउंड में सूरज और बादल देखे जा सकते हैं। 

Jul 3, 2025 - 16:15
 0
फिल्म रामायण का फर्स्ट लुक रिलीज, योद्धा के रूप में दिखे रणबीर कपूर


फर्स्ट लुक टीजर वीडियो में रणबीर कपूर और यश का लुक देखने को मिला है। फर्स्ट लुक वीडियो में राम और रावण की लड़ाई को दिखाया गया है। रणबीर को जंगल में पेड़ पर चढ़कर धनुष चलाते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर रणबीर और यश को फैंस बहुत पसंद कर रहे हैं। रावण के रोल में यश को देख फैंस गदगद हो गए हैं।

रणबीर कपूर फिल्म में राम के रोल में हैं। वहीं सई पल्लवी फिल्म में मां सीता के रोल में हैं। 2026 में फिल्म का पहला पार्ट रिलीज किया जाएगा। वहीं दूसरा पार्ट 2027 में रिलीज होगा।

इस फिल्म में रणबीर कपूर और सई पल्लवी के अलावा सनी देओल, यश, रवि दुबे जैसे स्टार्स हैं। सनी देओल हनुमान के किरदार में हैं। वहीं यश रावण के रोल में हैं। रवि दुबे लक्ष्मण बने हैं। रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रोल में हैं। काजल अग्रवाल मंदोदरी बनी हैं। लारा दत्ता कैकई के रोल में हैं।

यश ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'दस साल की आकांक्षा। दुनिया के सामने अब तक के सबसे महान महाकाव्य को लाने का दृढ़ संकल्प। दुनिया के कुछ अच्छे लोगों की मदद से रामायण को सबसे ज़्यादा श्रद्धा और सम्मान के साथ पेश किया जा रहा है।'

इस फिल्म के लिए हर किसी एक्टर ने बहुत मेहनत की है। रणबीर कपूर ने तो नॉनवेज खाना तक छोड़ दिया था। सई पल्लवी और रणबीर की फिल्म शूट करते हुए कुछ झलकियां भी लीक हुई थीं।

वहीं फिल्म में रावण के कैरेक्टर को लेकर यश ने रिएक्ट किया था। यश ने कहा था, 'रावण का कैरेक्टर बहुत फेसिनेटिंग है। मैंने इसे किसी और कारण से नहीं किया है। अगर मुझसे पूछा जाए कि रामायण में मैं कोई और रोल करूंगा तो शायद नहीं। मेरे लिए रावण ही बहुत एक्साइटेड कैरेक्टर है।'

फिल्म को नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है। वहीं नमित मल्होत्रा ने भी फिल्म को डायरेक्ट किया है। खबरें हैं कि फिल्म को 500-600 करोड़ के बजट में बनाया जा रहा है। इस फिल्म के एक सेट की कीमत 11 करोड़ बताई जा रही है। कुछ समय पहले ही फिल्म का शूट रैपअप हुआ है। रणबीर और रवि दोनों काफी इमोशनल हो गए थे।