फिल्मों से फॉर्च्यून तक: रिमी सेन ने बॉलीवुड छोड़ा, दुबई में रियल एस्टेट की दुनिया बसाई
2000 के दशक में बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शुमार रिमी सेन, जो अक्षय खन्ना के साथ ‘हंगामा’ और अक्षय कुमार के साथ ‘फिर हेरा फेरी’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आईं, अब पूरी तरह फिल्मी दुनिया से दूर हैं। करीब 15 साल पहले इंडस्ट्री को अलविदा कह चुकीं रिमी सेन आज दुबई में एक सफल रियल एस्टेट एजेंट के रूप में अपनी नई पहचान बना चुकी हैं।
मुंबई। एक दौर था जब रिमी सेन लगभग हर बड़ी फिल्म का हिस्सा हुआ करती थीं। ‘हंगामा’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘धूम’, ‘जॉनी गद्दार’, ‘संकट सिटी’ और ‘दे ताली’ जैसी फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारों के साथ काम करने वाली रिमी सेन के पास फिल्मों के साथ-साथ नामी ब्रांड्स के विज्ञापनों की भी भरमार थी।
लेकिन वक्त बदला। धीरे-धीरे फिल्मी ऑफर कम होते गए और रिमी सेन ने चुपचाप बॉलीवुड से दूरी बना ली। करीब 15 साल पहले उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दी और अब वह दुबई में रहकर रियल एस्टेट के क्षेत्र में फुल टाइम काम कर रही हैं। वहां उन्होंने न सिर्फ खुद को स्थापित किया, बल्कि अपने बिजनेस को भी विस्तार दिया है।
दुबई को क्यों चुना, बताया खुलकर
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में रिमी सेन ने दुबई में रियल एस्टेट एजेंट बनने के फैसले पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि दुबई लोगों का दिल खोलकर स्वागत करता है। यहां की करीब 95 प्रतिशत आबादी प्रवासी है और सभी धर्मों व संस्कृतियों का सम्मान किया जाता है। मस्जिदों के साथ मंदिरों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि यहां सभी के लिए जगह है।
रिमी सेन ने भारत की तुलना करते हुए कहा कि यहां नीतियां अचानक नहीं बदलतीं, जबकि भारत में बार-बार नियम और टैक्स सिस्टम बदलने से बिजनेस करना मुश्किल हो गया है। हजारों तरह के टैक्स, नियमों की उलझन और अनिश्चितता के कारण भारत अब बिजनेस के लिए उतना अनुकूल नहीं रह गया।
दुबई का रियल एस्टेट मार्केट क्यों है मजबूत
रिमी सेन के मुताबिक दुबई का रियल एस्टेट मार्केट इसलिए बेहतर है क्योंकि यहां अनुशासन और स्पष्ट व्यवस्था है। डेवलपर्स, एजेंसियां और एजेंट्स सभी अपने-अपने दायरे में काम करते हैं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित है, जिससे निवेशक और ग्राहक दोनों को भरोसा मिलता है।
प्लास्टिक सर्जरी पर भी तोड़ी चुप्पी
सालों बाद सार्वजनिक रूप से नजर आने पर रिमी सेन की बदली हुई शक्ल को लेकर प्लास्टिक सर्जरी की चर्चाएं शुरू हो गईं। इस पर उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने केवल फिलर्स, बोटॉक्स और पीआरपी ट्रीटमेंट करवाया है। अगर लोगों को उनकी बदली हुई लुक अच्छी लगती है, तो यह उनके लिए खुशी की बात है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्लास्टिक सर्जरी वह 50 साल की उम्र पार करने के बाद ही करवाने पर विचार करेंगी। फिलहाल, स्किन ट्रीटमेंट और नियमित देखभाल से अच्छी त्वचा पाना संभव है।