एमएसएमई कॉन्क्लेव में योजनाओं से लेकर सम्मान तक, आगरा में दिखा उद्योगों का दम

आगरा। केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद द्वारा आयोजित एमएसएमई कॉन्क्लेव में देशभर से आए उद्योग जगत के विशेषज्ञ, उद्यमी और नीति-निर्माताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित जेपी पैलेस होटल में हुआ। इस दौरान एमएसएमई क्षेत्र के विकास, सरकारी योजनाओं, नीतिगत मुद्दों और नवाचार पर विस्तार से चर्चा हुई।

Jul 14, 2025 - 13:57
 0
एमएसएमई कॉन्क्लेव में योजनाओं से लेकर सम्मान तक, आगरा में दिखा उद्योगों का दम
एमएसएमई कॊन्क्लेव में मंच पर मौजूद केंद्रीय मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर, रजत अस्थाना, सुशील गुप्ता एवं अन्य अतिथिगण।

उद्योगों को प्रतिस्पर्धा के लिए खुद को 'फिट' रखना होगा- प्रो. बघेल

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने उद्घाटन भाषण में कहा कि देश की समृद्धि का रास्ता खेत-खलिहान और एमएसएमई सेक्टर से होकर जाता है। वैश्वीकरण और उदारीकरण के इस दौर में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ चुकी है। ऐसे में सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट की परिकल्पना अब उद्योगों पर भी लागू होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का उद्योग क्षेत्र स्वर्णिम काल से गुजर रहा है, और 'मेक इन इंडिया' जैसी योजनाओं के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखने लगे हैं।

एमएसएमई बनेगा आत्मनिर्भर भारत की रीढ़- पूरन डावर

कॉन्क्लेव के अध्यक्षीय भाषण में फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि 1947 की स्वतंत्रता केवल भौगोलिक थी, लेकिन आर्थिक स्वतंत्रता की लड़ाई अब भी चल रही है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का 55% रोजगार एमएसएमई से आता है, और इस क्षेत्र में सबसे अधिक संभावनाएं हैं। आगरा में विकसित हो रहा नया औद्योगिक शहर इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

सरकारी योजनाओं और औद्योगिक सहयोग पर विमर्श

कार्यक्रम में एमएसएमई विकास संस्थान के संयुक्त आयुक्त आर.के. भारती, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष विजय गुप्ता, एसबीआई के डीजीएम संजय कुमार सिंह, और वरिष्ठ उद्यमी राजेश गर्ग ने उद्योगों को सहयोग देने वाली योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं और दीर्घकालिक स्थायित्व के मुद्दों पर विचार साझा किए।

सरकारी योजनाओं और औद्योगिक समस्याओं पर हुआ मंथन

कार्यक्रम में एमएसएमई विकास संस्थान के संयुक्त आयुक्त आर.के. भारती, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष विजय गुप्ता और एसबीआई के डीजीएम संजय कुमार सिंह ने उद्योगों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, बैंकिंग सुविधाओं और टीटीजेड जैसे प्रतिबंधात्मक क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की। उद्यमी राजेश गर्ग ने आगरा में उद्योगों के दीर्घकालिक स्थायित्व की आवश्यकता पर जोर दिया। धन्यवाद ज्ञापन आगरा हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अस्थाना ने दिया।

पैनल डिस्कशन में उठीं उद्योगों की वास्तविक समस्याएं

कॉन्क्लेव के पश्चात आयोजित पैनल डिस्कशन में पूरन डावर ने फुटवियर उद्यमियों से नॉन-लेदर सेक्टर की संभावनाओं की ओर बढ़ने को कहा। उन्होंने टीटीजेड क्षेत्र में कुछ उद्योगों द्वारा गैस कोटा के लिए फैलाए जा रहे अवरोधों की आलोचना की। उन्होंने प्रदूषण की रीयल टाइम मॉनिटरिंग को अनिवार्य बताया। इस पैनल में आर.के. भारती (जॉइंट डायरेक्टर, एमएसएमई), संजय कुमार सिंह (डीजीएम, एसबीआई), ओपिंदर सिंह लवली (प्रदेशाध्यक्ष, सिफी), रजत अस्थाना, विजय सामा, नकुल मनचंदा, राजीव वासन, संजय गोयल और कुलदीप सिंह कोहली ने भी अपने विचार साझा किए।

एमएसएमई योजनाओं पर विशेषज्ञों ने दिए व्यावहारिक सुझाव

कॉन्क्लेव के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की एमएसएमई योजनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा सघन प्रजेंटेशन प्रस्तुत किए गए। जिनमें प्रमुख वक्ता थे-
पुष्पेन्द्र सूर्यवंशी (एनएसआईसी), विशाल कुमार (एम1 एक्सचेंज), जितेन्द्र जैन (सिडबी), मंसूर कटियार (यूपीसीडा), पुनीत शर्मा (एसबीआई एसएमई प्रभाग)।
इन सभी वक्ताओं ने सरल ऋण, डिजिटल लेनदेन, बिल डिस्काउंटिंग, औद्योगिक भूमि आवंटन और निर्यात बढ़ाने के तरीकों पर उद्यमियों को जानकारी दी।

व्यापार संगठनों की भागीदारी बनी कॉन्क्लेव की ताकत

कॉन्क्लेव में शहर के प्रमुख उद्योग और व्यापार संगठनों की भागीदारी रही। आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के अध्यक्ष प्रहलाद अग्रवाल, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष संजय गोयल, एफएफएम के अध्यक्ष कुलदीप कोहली, इफ्कोमा के महासचिव दीपक मनचंदा, एफमेक के उपाध्यक्ष राजेश सहगल, सचिव ललित अरोरा और वरिष्ठ उद्यमी चंद्र मोहन सचदेवा ने भाग लिया।

सम्मान समारोह में मंच पर चमके आगरा के सितारे

अर्थव्यवस्था, शिक्षा और सेवा क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले उद्यमियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शामिल रहे-
रजत अस्थाना (स्टोनमैन क्राफ्ट), सौरभ खन्ना (रोमसंस ग्रुप), राजेश गर्ग (प्रकाश डीजल्स), राजीव अग्रवाल (अनुराग एंटरप्राइजेज), सुशील गुप्ता ( प्रील्यूड पब्लिक स्कूल), राखी जैन (प्रिंसिपल, डॉ. एमपीएस), सुरेश बरेजा (कपड़ा मंदिर), अजय अग्रवाल (बीएन एग्रीटेक), अनिल मगन (श्रॉफ सेल्स कॉरपोरेशन), चेतन गुप्ता (गुप्ता एचसी ओवरसीज), रिंकेश अग्रवाल (बालाजी प्रॉपर्टीज), नितिन गोयल (मुंशी पन्ना मसाला), अरुण शर्मा (मोशन एकेडमी) और सचिन शंकर (शंकर एडवरटाइजिंग)।

कार्यक्रम की व्यवस्थाएं ‘कॉर्पोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस’ के महासचिव अजय शर्मा और संयोजक बृजेश शर्मा ने संभालीं। मंच संचालन तरुण शर्मा द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन आगरा हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अस्थाना ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor