सेना दिवस पर बरेली में राष्ट्रगौरव का विराट दृश्यः मिलिट्री अस्पताल में मॉन्यूमेंटल ध्वजारोहण, त्रिवर्ण वाटिका का उद्घाटन

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। सेना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर मिलिट्री अस्पताल, बरेली में गुरुवार को आयोजित मॉन्यूमेंटल राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह देशभक्ति, शौर्य और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा। यह भव्य आयोजन भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं, बलिदान और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।

Jan 16, 2026 - 19:07
 0
सेना दिवस पर बरेली में राष्ट्रगौरव का विराट दृश्यः मिलिट्री अस्पताल में मॉन्यूमेंटल ध्वजारोहण, त्रिवर्ण वाटिका का उद्घाटन
बरेली के मिलिट्री अस्पताल में मॊन्यूमेंटल ध्वजारोहण करते लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), उत्तर भारत। साथ हैं अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी।

समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), उत्तर भारत ने फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा प्रदान किए गए विशाल तिरंगे का विधिवत ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ ही परिसर वंदे मातरम् और देशभक्ति के जयघोषों से गूंज उठा।

यह गरिमामय समारोह मेजर जनरल जसविंदर सिंह, एमजी मेडिकल, उत्तर भारत के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेजर जनरल आईएस गिल, चीफ ऑफ स्टाफ, उत्तर भारत, ब्रिगेडियर ललित मोहन, चीफ इंजीनियर, बरेली जोन सहित अनेक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

त्रिवर्ण वाटिका का उद्घाटन

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा त्रिवर्ण वाटिका का भी भव्य उद्घाटन किया गया। यह वाटिका उत्तर भारत क्षेत्र (एओआर) के चार वीर आर्मी मेडिकल कोर के वीरता पदक पुरस्कार विजेताओं को समर्पित है, जिनकी अदम्य वीरता और राष्ट्रसेवा को स्थायी स्मृति के रूप में संजोया गया है। इनमें कैप्टन अंशुमान सिंह (कीर्ति चक्र, ऑपरेशन मेघदूत–2023), कैप्टन बलवीर चंद चोपड़ा (वीर चक्र, 1962 भारत–चीन युद्ध), कैप्टन श्याम सुंदर रामपाल (शौर्य चक्र, 1985), नायक रतन सिंह (वीर चक्र, 1952 कोरियन युद्ध) शामिल हैं।

देशभक्ति की स्वर-लहरियां

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत भावपूर्ण देशभक्ति गीतों ने वातावरण को भावविभोर कर दिया। वहीं 26 राजपूत रेजिमेंट की बैंड टीम के उत्कृष्ट संगीत प्रदर्शन ने समारोह की गरिमा और भव्यता को नई ऊंचाई दी।

तिरंगा गौरव का स्थायी प्रतीक

स्थापित किया गया यह विशाल तिरंगा मिलिट्री अस्पताल आने वाले रोगियों, सड़क से गुजरने वाले नागरिकों तथा आसपास के विद्यालयों से भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगा, जो प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति गर्व और सम्मान की भावना जागृत करेगा। उल्लेखनीय है कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा देशभर में 160 से अधिक मॉन्यूमेंटल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किए जा चुके हैं, जो दिन-रात निरंतर फहराते रहते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor