आगरा में हस्तशिल्प प्रदर्शनी का समापन, तीन स्टेट अवॉर्डी समेत देशभर के 18 शिल्पियों का सम्मान
आगरा। वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आगरा जरी जरदोजी वर्क प्रोड्यूसर द्वारा संजय प्लेस स्थित रोज विला गार्डन में आयोजित 10 दिवसीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी का समापन सम्मान समारोह के साथ हुआ। समापन अवसर पर देशभर से आए 18 उत्कृष्ट हस्तशिल्पियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिनमें तीन स्टेट अवॉर्डी शिल्पी भी शामिल रहे।
तीन स्टेट अवॉर्डी शिल्पियों को मिला विशेष सम्मान
समारोह में गाजियाबाद की श्रीमती याचना झा, फिरोजाबाद के परमवीर सिंह और मैनपुरी के रामस्नेही लाल को उनके उत्कृष्ट शिल्प कौशल के लिए स्टेट अवॉर्डी शिल्पी के रूप में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने इनके योगदान को भारतीय हस्तशिल्प परंपरा के लिए प्रेरणादायी बताया।
देशभर के 18 शिल्पियों ने बिखेरा हुनर
सम्मानित किए गए शिल्पियों में दिल्ली से निधि, लुधियाना से कुलदीप कुमार, बुलन्दशहर से मोहम्मद नाहिद, कुल्लू से श्रीमती आशा व प्रमिला बेदी, बंगाल से अस्मा बेगम, बाराबंकी से शशिमाला, हापुड़ से सरिता, बरेली से गुड्डी, हरिद्वार से देवकी, फिरोजाबाद से जितेंद्र कुमार, मथुरा से ममता, तथा आगरा से मुसर्रत, भारती रानी और अंजुम बेगम शामिल रहीं।
इन सभी शिल्पियों ने 10 दिनों तक अपनी विशिष्ट हस्तशिल्प कला का प्रदर्शन कर आगरा के दर्शकों का दिल जीत लिया।
हस्तशिल्प संरक्षण की दिशा में सार्थक पहल
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां न केवल शिल्पियों को बाजार उपलब्ध कराती हैं, बल्कि भारत की पारंपरिक हस्तकला को नई पहचान भी दिलाती हैं। आगरा जरी जरदोजी वर्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की यह पहल हस्तशिल्प संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदर्शनी के दौरान आगरा के नागरिकों ने शिल्पियों की कला को खुले दिल से सराहा। उत्साहजनक बिक्री से शिल्पियों का मनोबल बढ़ा और उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली।
समापन समारोह में ब्रजमोहन शर्मा (डायरेक्टर, आगरा जरी जरदोजी वर्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड), विनोद बंसल (चेयरमैन, जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल एवं प्रमुख समाजसेवी), राजेंद्र प्रसाद, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. शम्मी सहित हस्तशिल्प विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिल्पियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Bottom of Form