दिल्ली में इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन तेज,  सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी,  पुलिस हिरासत में राहुल गांधी

दिल्ली में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के सांसदों का प्रदर्शन तेज हो गया। जंतर-मंतर जाते समय पुलिस ने कई सांसदों को हिरासत में लिया। प्रियंका गांधी सड़क पर लेट गईं, जबकि राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि विपक्ष अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

Oct 7, 2026 - 19:37
 0
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन तेज,  सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी,  पुलिस हिरासत में राहुल गांधी


नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर इंडिया ब्लॉक के सांसदों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। जंतर-मंतर जाने की कोशिश के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क पर लेट गईं। इस दौरान पुलिस ने इंडिया ब्लॉक के सांसदों को जंतर-मंतर की ओर जाने से रोकते हुए हिरासत में लेना शुरू कर दिया।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सांसदों के साथ बुरा व्यवहार किया जा रहा है, जबकि वे सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं। उधर हिरासत में लिए जाने के बाद, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य सांसदों को पुलिस जंतर-मंतर के पास से ले गई है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी इंडिया ब्लॉक के सांसदों की भारी भीड़ के साथ जंतर-मंतर तक जाने का रास्ता बनाने का प्रयास करते दिखे। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसद कल चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हुई। राहुल गांधी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे वहां प्रदर्शन नहीं कर सकते।

राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद आज फिर जंतर-मंतर पर जाकर बैठेंगे और देश को बताएंगे कि उनके लिए ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने देश के लोकतंत्र को खत्म किया है। राहुल गांधी ने कहा कि जिन्होंने यह काम किया है, वे देशद्रोही हैं और उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा।

राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'मेरे पास 45 एफआईआर हैं और मेरा लक्ष्य है कि मुझे 100 एफआईआर चाहिए। हर एफआईआर मेरे लिए एक मेडल है।'  कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उनके साथ बुरा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सांसदों को पीटा जा रहा है। उन्होंने कहा, 'अब हम यहां से हिलने वाले नहीं हैं।'