कंगना का बाबा रामदेव को तीखा जवाब,  मेरे बेडरूम के सपने मत देखो, तुमसे बेहतर है मेरा कैरेक्टर

कंगना रनौत ने बाबा रामदेव की तीखी प्रतिक्रिया के बाद उन्हें करारा जवाब दिया है। कंगना ने कहा है कि बाबाजी मेरी जवानी या बेडरूम के सपने ना देखें और ना ही उन्हें कैरेक्टर का पाठ पढ़ाएं। बाबा रामदेव ने हाल ही कंगना के 'गटर छाप' बयान पर रिएक्ट करते हुए उनकी निजी जिंदगी पर सवाल उठाए थे और बिगड़े दिमाग की निशानी बताया था।

Aug 19, 2026 - 21:07
 0
कंगना का बाबा रामदेव को तीखा जवाब,  मेरे बेडरूम के सपने मत देखो, तुमसे बेहतर है मेरा कैरेक्टर


 
 
मुंबई। हाल ही बाबा रामदेव ने एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत के 'गटर छाप' बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनकी क्वालिफिकेशन पर सवाल उठाए थे और उनकी निजी जिंदगी पर कटाक्ष किया था। अब कंगना ने बाबा रामदेव पर पलटवार किया है और कहा कि वह उनकी जवानी की चिंता न करें और ना ही उसके सपने देखें। इसके साथ ही कंगना ने बाबा रामदेव के पतंजलि से जुड़े विवाद और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई को लेकर उन्हें लपेट लिया।

कंगना ने बाबा रामदेव से कड़े शब्दों में कहा कि वह उन्हें कैरेक्टर पर सवाल न उठाएं और पहले अपना चरित्र देखें। बता दें कि कंगना ने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन के बाद इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी में युवा पीढ़ी, खासकर Gen Z को 'गटर जेनरेशन' कह दिया था, जिस पर खूब बवाल मचा था। फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों के अलावा राजनीतिक हस्तियों ने भी कंगना को खरी-खोटी सुनाई थी। हालांकि, कंगना ने इस पर कोई माफी नहीं मांगी थी, बल्कि अपने 'गटर' वाले बयान का बचाव ही किया था। अब हाल ही बाबा रामदेव ने भी कंगना को खरी-खोटी सुना दी।  
 
इसी पर कंगना ने बाबा रामदेव को जवाब देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'बाबाजी मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में सपने मत देखिए। कोई सिर्फ अफवाहों और गॉसिप के आधार पर ही अंदाजा लगा सकता है।'  मुझे झूठे या फ्रॉड मेडिकल दावों के लिए कभी सुप्रीम कोर्ट से फटकार नहीं पड़ी। इसलिए मुझे कैरेक्टर का पाठ मत पढ़ाइए। तुमसे तो बहुत ज्यादा बेहतर है मेरा कैरेक्टर। यहां कोई फ्रॉड नहीं है।

जब हाल ही एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में बाबा रामदेव से कंगना रनौत के 'गटर छाप' वाले बयान के बारे में पूछा गया था, तो वह बोले थे, 'उनकी क्वालिफिकेशन क्या है? उनका बचपन कैसा रहा है? उनकी जवानी कैसी रही है? उनके पहले के कारनामे कैसे रहे हैं? मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता। ऐसे किसी भी देश के जवानों को और जेन जी को गटर-पटर बोलना, ये बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। गलत बात है। इसके ऊपर उनकी पार्टी के लोगों को संज्ञान लेना चाहिए।'

बाबा रामदेव ने आगे कहा था, 'कोई मेरे योग की प्रशंसा करे, मेरी प्रशंसा करे तो क्या मैं उनके गुनाहों पर लीपापोती कर दूं? किसी भी जाति, वर्ग या समुदाय...युवा कोई जाति नहीं है। उसमें सब हैं। उसमें ब्राह्मणों के भी, क्षत्रियों के भी, वैश्य, दलित, आदिवासी, वनवासी, इन सभी के बच्चे हैं। आज युवा अपने आप में बहुत बड़ी ताकत हैं। उसको कोई नकार नहीं सकता।'